Tuesday, July 28, 2026
Google search engine
Homeराज्यपंजाबऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर, पंजाब पुलिस ने 16 दिन में 3949...

ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर, पंजाब पुलिस ने 16 दिन में 3949 गैंगस्टरों को दबोचा

चंडीगढ़.

पंजाब की ओर से चलाए जा रहे 'गैंग्सटरां ते वार' अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने 16 दिनों तक चले आपरेशन प्रहार-3.0 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस राज्यव्यापी खुफिया आधारित अभियान के दौरान संगठित अपराध और नशा- गैंग्स्टर गठजोड़ पर बड़ा प्रहार किया गया।

पूरे प्रदेश में गैंग्स्टरो, उनके सहयोगियों, नशा तस्करों और वांछित अपराधियों से जुड़े 5,448 ठिकानों पर छापेमारी की गई। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आपरेशन का उद्देश्य लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत करना, पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाना तथा संगठित अपराध, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई करना था। उन्होंने कहा कि यह अभियान 16 दिनों तक चरणबद्ध तरीके से चलाया गया, जिसमें प्रतिदिन एक पुलिस रेंज या पुलिस आयुक्तालय को लक्ष्य बनाकर कार्रवाई की गई। इससे पूरे राज्य में अपराधियों पर लगातार दबाव बनाए रखने के साथ सभी जिला इकाइयों के बीच समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित हुई।

10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी हुए तैनात
डीजीपी ने बताया कि अभियान के दौरान 10,401 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। कुल 958 प्राथमिकी दर्ज की गईं, 1,520 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई तथा 262 वाहनों को जब्त किया गया। अभियान का उद्देश्य गैंगस्टर-नशा गठजोड़ को तोड़ना, भगोड़े और वांछित आरोपितों को पकड़ना, सूचीबद्ध और गैर सूचीबद्ध नशा तस्करों की गिरफ्तारी, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई तथा अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब, चोरी का सामान और अपराध में प्रयुक्त वाहनों की बरामदगी करना था। इसके साथ ही जिलों के बीच तालमेल बढ़ाने और जमीनी स्तर पर पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

तकरीबन 4 हजार आरोपित अरेस्ट
विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 3,949 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 42 गैंगस्टर और उनके सहयोगी, 1,201 नशा तस्कर एवं सप्लायर, 119 घोषित अपराधी तथा 2,587 वांछित आरोपित शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 1,520 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की गई।

पुलिस ने इस दौरान नशे के साथ हथियार भी जब्त किए। जब्त की गई सामग्री-

  • 12 अवैध हथियार बरामद किए गए।
  • 10.47 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई।
  • 1.50 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
  • 30 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
  • 259 किलोग्राम पोस्त जब्त किया गया।
  • 21,746 नशीली गोलियां, कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए गए।
  • 646.25 लीटर लाहन जब्त की गई।
  • 1,243.5 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
  • 4.03 लाख रुपये की नशा तस्करी से जुड़ी नकदी जब्त की गई।
  • अवैध हथियार, कारतूस, चोरी के वाहन, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।
  • रंगदारी से जुड़े गिरोहों का भंडाफोड़ किया गया।
  • वाहन चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
  • अवैध नशा मुक्ति केंद्रों का पर्दाफाश किया गया।
  • प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई की गई।
  • नकली शराब के कारोबार से जुड़े कई गिरोहों का भंडाफोड़ कर उन्हें ध्वस्त किया गया।

गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर दें सूचना
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि 'गैंग्सटरां ते वार' एक सतत अभियान है, जो पंजाब को पूरी तरह गैंगस्टर मुक्त होने तक पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैंगस्टरों और संगठित अपराध से जुड़ी जानकारी एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। डीजीपी ने आपरेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खन्ना, बठिंडा, जालंधर पुलिस आयुक्तालय, होशियारपुर और मानसा पुलिस इकाइयों की विशेष सराहना की। वहीं होशियारपुर, अमृतसर पुलिस आयुक्तालय, जालंधर पुलिस आयुक्तालय, तरनतारन और मोगा को मादक पदार्थ मामलों में उल्लेखनीय बरामदगी के लिए प्रशंसा दी। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस आयुक्तालयों और जिला पुलिस इकाइयों ने अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा आने वाले चरणों में सभी इकाइयां और बेहतर परिणाम देंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments