Sunday, June 21, 2026
Google search engine
Homeराज्यबिहार / झारखण्डअंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर झारखंड में जनभागीदारी, स्कूलों, संस्थानों और संगठनों ने...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर झारखंड में जनभागीदारी, स्कूलों, संस्थानों और संगठनों ने आयोजित किए योग शिविर

रांची
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार 21 जून को झारखंड के विभिन्न जिलों में योग की धूम देखने को मिली. राज्य के विभिन्न जिलों में जिला प्रशासन, सरकारी संस्थानों, शैक्षणिक परिसरों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए. लोगों ने योग कर स्वस्थ, निरोग और संतुलित जीवन का संदेश दिया. कई जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्टूडेंट्स, जवानों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

रांची में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रांची के ऑक्सीजन पार्क में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विवेकानंद युथ फाउंडेशन और आरसी डिफेंस एकेडमी के बच्चों के साथ योग किया. इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष शशांक राज सहित कई सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

परेड मैदान में योग का कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के अवसर पर नवीन पुलिस केंद्र, रांची के परेड मैदान में योग का कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसका संचालन परिचारी रविशंकर सिंह यातायात रांची के द्वारा किया गया जिसमें परिचारी प्रवर-प्रथम, सह पदाधिकार एसोसिएशन, रांची के अध्यक्ष और सभी परिचारी गण और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे एवं योग किया.

गोड्डा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया योगाभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हनवारा मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने नयानगर में सामूहिक योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया. कार्यक्रम हनवारा मंडल प्रभारी पप्पू ठाकुर एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता केशरी यादव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया. इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष पिताम्बर शर्मा, महामंत्री नरोत्तम ठाकुर, मीडिया सह प्रभारी प्रभाकर पोद्दार, लौगाय पंचायत संयोजक जयप्रकाश पासवान, नयानगर पंचायत संयोजक सम्पति यादव और परशुराम शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया.

गढ़वा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की धूम
गढ़वा जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थानीय फुटबॉल स्टेडियम, गढ़वा में सुबह 5:30 बजे से आयोजित किया गया, जहां ‘स्वस्थ और निरोग समाज’ के संकल्प के साथ हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया. कार्यक्रम की अगुवाई उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने की. मुख्य समारोह में जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआरपीएफ 172 बटालियन के जवानों, पतंजलि और जिला योग समिति के सदस्यों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और भारी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया. समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की एक अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा के बीच संतुलन का सबसे सशक्त माध्यम है.

राजनगर में योग शिविर, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
सरायकेला खरसावां जिला में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में रविवार को राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय राजनगर परिसर में ‘सामंजस्य एवं शांति के लिए योग’ विषय पर योग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम में गायत्री परिवार के जिला समन्वयक श्याम नारायण शर्मा, प्रखंड समन्वयक पिंटु राउत, दिवाकर गोप, डॉ. रमेश कुमार एवं अमरजी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया.

गिरिडीह के झंडा मैदान में जिला प्रशासन का योग शिविर
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को गिरिडीह शहर के झंडा मैदान में जिला प्रशासन के द्वारा जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया. पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान न्यास के सहयोग से आयोजित शिविर में डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. बिमल कुमार समेत तमाम वरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी योगाभ्यास किया. शिविर में योग प्रशिक्षकों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, कपालभाति और प्राणायाम का अभ्यास कराया. डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अधिकारियों-कर्मियों के साथ योग किया.

दुमका में भी योगाभ्यास
योग दिवस पर दुमका जिले के रानीश्वर प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा और सीओ शादां नुसरत के साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की बच्चियों , शिक्षक-शिक्षिकाएं और प्रखंड व अंचल के कर्मचारी ने भी योगाभ्यास किया.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments