Thursday, July 16, 2026
Google search engine
Homeराज्यपंजाबजालंधर में PM मोदी के आगमन से पहले चाक-चौबंद सुरक्षा, DGP ने...

जालंधर में PM मोदी के आगमन से पहले चाक-चौबंद सुरक्षा, DGP ने खुद संभाला मोर्चा; व्यवस्थाओं की जांच

जालंधर.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में वीरवार को पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव जालंधर पहुंचे और पूरे सुरक्षा प्रबंधों का विस्तृत निरीक्षण किया।

उनके साथ पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह, जिला पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। डीजीपी ने रेलवे स्टेशन से लेकर कार्यक्रम स्थल और प्रधानमंत्री के संभावित आवागमन मार्ग तक हर व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। सबसे पहले पुलिस महानिदेशक ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही, प्रवेश और निकास द्वार, प्लेटफार्म, पार्किंग क्षेत्र तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान रेलवे पुलिस और जिला पुलिस के अधिकारियों से सुरक्षा योजना की विस्तृत जानकारी ली गई।

डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते रहे सतर्क
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए और सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों, सामान जांच प्रणाली, धातु जांच उपकरण तथा अन्य सुरक्षा संसाधनों की भी जांच की गई। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने भी स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की। सुरक्षा एजेंसियों की टीमें लगातार स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं। इसके बाद पुलिस महानिदेशक ने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना तथा सुरक्षा घेरों का जायजा लिया। त्वरित प्रतिक्रिया दल, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की गई।

खुफिया सूचनाओं पर नजर रखने के निर्देश
डीजीपी गौरव यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, सुरक्षा संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने तथा खुफिया सूचनाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए स्टेशन पर तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्टेशन के बाहर सर्विस लेन, सड़क मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य तेजी से चल रहा है। हालांकि निर्माण कार्य के कारण आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन रही है।

80 मिनट तक रुकेंगे पीएम मोदी
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री करीब 80 मिनट तक जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर रह सकते हैं। इसे देखते हुए रेलवे की ओर से ट्रेनों के संचालन, संभावित डायवर्जन और यात्रियों की आवाजाही को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाने हैं। समाचार लिखे जाने तक इन निर्देशों का इंतजार किया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास के पूरे क्षेत्र को अभेद्य सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments