Saturday, September 12, 2026
Google search engine
Homeराज्यउत्तर प्रदेशगोड़धोइया नाला पुनरोद्धार से मूसलाधार बारिश में भी उत्तरी क्षेत्र के 17...

गोड़धोइया नाला पुनरोद्धार से मूसलाधार बारिश में भी उत्तरी क्षेत्र के 17 वार्डों में नहीं हुआ जलभराव : सीएम योगी

सपा शासन में भूमाफियाओं ने लोगों को ठगा, हमने दिया सम्मानजनक मुआवजा : सीएम योगी

गोड़धोइया नाला परियोजना के कार्यों का दो स्थानों पर निरीक्षण कर जनसभा को संबोधित किया मुख्यमंत्री ने

सपा शासन में भूमाफियाओं ने सरकारी जमीनों पर गलत इंदराज कर लोगों को बरगलाकर जमीनें बेची थीं : मुख्यमंत्री  

गोड़धोइया नाला पुनरोद्धार से मूसलाधार बारिश में भी उत्तरी क्षेत्र के 17 वार्डों में नहीं हुआ जलभराव : सीएम योगी

गोरखपुर,
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम 495 करोड़ रुपये की लागत वाले गोड़धोइया नाला परियोजना (पक्का नाला निर्माण, डायवर्जन, इंटरसेप्शन और ट्रीटमेंट की परियोजना) के कार्यों का दो स्थानों (फातिमा हॉस्पिटल के पास और जेल बाईपास के समीप) पर स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर जेल बाईपास पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा शासन में भूमाफियाओं ने सरकारी जमीनों पर गलत इंदराज कर लोगों को ठगा था। उन्हें बरगलाकर जमीनें बेची थीं।  भाजपा सरकार ने जब गोड़धोइया नाला परियोजना शुरू की तो ऐसी जमीन खरीदने वालों को सम्मानजनक मुआवजा दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोगों ने गोड़धोइया नाला के पास जमीनें ली थीं। तब समाजवादी पार्टी की सरकार में भूमाफियाओं ने सरकारी जमीनों पर गलत इंदराज कराकर उन्हें ठगने का काम किया था। हमने, जिनके भी नाम जमीनों के कागज पर दर्ज हुए थे, उन्हें कंपनसेशन (मुआवजा) देने का काम किया। सीएम योगी ने कहा कि जनता के सकारात्मक सहयोग से ही इस नाला का पुनरोद्धार हो पाया। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया में जागरूकता बड़े मायने रखती है।

सभी नालों का पुनरोद्धार होने पर एक बूंद पानी भी नहीं जमा होगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब गोड़धोइया नाले का पुनरोद्धार नहीं हुआ था तो गोरखपुर महानगर उत्तरी क्षेत्र के 17 वार्ड बारिश में जलमग्न हो जाते थे। अब इस नाले को देखकर ऐसा लगता है कि जैसे कोई नदी बह रही है। उन्होंने कहा कि इस नाले को पुनर्जीवित किया गया है। इसी का परिणाम है कि विगत दिनों 15 घंटे हुई मूसलाधार बारिश में भी उत्तर दिशा में जल भराव नहीं हुआ, इस नाले ने सारा पानी खींच लिया। जब सभी नालों का पुनरोद्धार हो जाएगा तो महानगर में कहीं भी एक बूंद पानी नहीं रुकेगा।

गोड़धोइया नाला के दोनों तरफ बनेगी सड़क, सुरक्षा के उपाय भी होंगे
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोड़धोइया नाला 9.50 किलोमीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा बना है। इसके साथ ही 18 किलोमीटर सीवर लाइन भी पड़ रही है, अब नाले में सीवर नहीं गिरेगा। गोड़धोइया नाला परियोजना में 36 एमएलडी की एसटीपी का काम पूरा हो गया है। नाले पर 14 ब्रिज और 61 एमएलडी मास्टर पंप स्टेशन (एमपीएस) का काम भी पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि उनकी योजना है कि गोड़धोइया नाला पर यातायात की व्यवस्था हो और सुरक्षा के उपाय भी किए जाएं ताकि कोई नाले में न गिरने पाए। उन्होंने कहा कि नाला के दोनों ओर सड़क का निर्माण भी होना है। इसके साथ ही नाले की दोनों तरफ आने-जाने के लिए पुल भी बनना है। सीएम योगी ने कहा कि गोड़धोइया नाले का काम पूरा हो गया है। सीवर लाइन का काम अंतिम चरण में है। यहां सड़क भी बनेगी, रेलिंग लगेगी, फुटपाथ बनेगा और लाइटिंग की भी अच्छी व्यवस्था रहेगी।

नाले में गंदगी और कूड़ा न फेकें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों का आह्वान किया कि वह नाले में गंदगी और कूड़ा न फेकें। अगर इस नाले का सही ढंग से उपयोग किया गया तो अगले 50 से 100 वर्षों तक गोरखपुर के उत्तरी क्षेत्र में बारिश का पानी जमा नहीं होगा। पानी इस नाले के माध्यम से रामगढ़ताल और तरकुलानी होते हुए राप्ती नदी तक पहुंच जाएगा। पर, यदि कहीं भी बाधा आएगी, कूड़ा डाला जाएगा या कब्जा किया जाएगा तो जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाएगी, बदबू और बीमारी आएगी। इन्हीं समस्याओं से बचाव के लिए इस नाले के पुनरोद्धार का कार्य पूर्ण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नाला की दोनों तरफ सघन पौधरोपण कर हरियाली का नजारा विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि इसमें प्रशासन के साथ लोगों को भी जुटना होगा। 

गोड़धोइया नाला पुनरोद्धार से तीन लाख आबादी लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना से गोरखपुर उत्तर क्षेत्र की तीन लाख आबादी लाभान्वित हो रही है उन्हें बीमारी और गंदगी से मुक्त अच्छा वातावरण मिलने लगा है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में सकारात्मक योगदान के लिए महानगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया कहा कि लोगों के सकारात्मक दृष्टिकोण का ही परिणाम है कि मोहद्दीपुर से बाईपास मार्ग, स्पोर्ट्स कॉलेज से बरगदवा मार्ग, असुरन से मेडिकल कॉलेज मार्ग, असुरन से पिपराइच मार्ग फोरलेन हुए हैं। फोरलेन सड़कों से यहां के लोगों की संपत्ति का मूल्य भी बढ़ गया है। पहले जिस संपति की कीमत एक लाख रुपये थी, अब वह पांच लाख रुपये की हो गई है। उन्होंने कहा कि जब सड़कें अच्छी होंगी तो व्यापार बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर तरफ फोरलेन कनेक्टिविटी के चलते गोरखपुर में नए-नए शोरूम आ रहे हैं। व्यापार बढ़ने के साथ लोगों को मनपंसद खरीदारी के लिए बाहर के शहरों में नहीं जाना पड़ रहा है। 

बारिश होते ही सभी लोगों को जर्मन हैंगर पंडाल में बुला लिया मुख्यमंत्री ने
सीएम योगी की जनसभा जैसे ही शुरू हुई, बारिश होने लगी। इस पर वहां आए नागरिकों की चिंता करते हुए उन्होंने फौरन उन लोगों को भी जर्मन हैंगर में बुला लिया जो भीड़ अधिक होने के कारण पंडाल से बाहर खड़े थे। मुख्यमंत्री की इस आत्मीयता पर लोगों ने जोरदार ताली बजाकर और नारा लगाकर उनका अभिनंदन किया। बारिश में भी बड़ी संख्या में आने के लिए सीएम योगी ने नागरिकों को साधुवाद दिया। 

विकास को देखकर विरोधियों के पास बोलने को कुछ नहीं : रविकिशन
जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। योगी सरकार के विकास कार्यों को देखकर विरोधियों के पास कुछ बोलने को नहीं रह गया है। विकास करने के बजाय जनता का पैसा लूटने वाले विपक्षी दल आखिर बोलें भी तो क्या बोलें। उन्होंने कहा कि योगी जी की सरकार ने गोरखपुर को गोड़धोइया नाला परियोजना देकर ऐतिहासिक कार्य किया है। इस नाले में पानी का प्रवाह अब नदी जैसा हो गया है।

सीएम योगी की दूरदर्शिता का मॉडल है गोड़धोइया नाला परियोजना : डॉ. मंगलेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना सीएम योगी की दूरदर्शिता का मॉडल है। इस परियोजना से महानगर को जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलने जा रही है।  
इस अवसर पर गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता,मंडल अध्यक्ष शिशिर वर्मा, प्रदीप सिंह, प्राण तिवारी, आनंद अग्रहरि आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments