Wednesday, August 5, 2026
Google search engine
Homeराज्यउत्तर प्रदेशविभिन्न योजना के लाभार्थियों को चयन एवं अनुमति पत्र किए जाएंगे वितरित

विभिन्न योजना के लाभार्थियों को चयन एवं अनुमति पत्र किए जाएंगे वितरित

लखनऊ

दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष बुधवार को पूरे होंगे। विभाग के (स्वर्ण जयंती वर्ष) के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी 75 जनपदों में बुधवार को दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से एक दिवसीय जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाना, डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक पशुपालन प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने बताया कि कॉन्क्लेव का मुख्यालय से वेब लिंक के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन सभागार में संबंधित मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में होगा। इसका उद्घाटन जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, दुग्ध संघों के प्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादक किसानों, पशुपालकों, स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध समितियों एवं अन्य हितधारकों की सहभागिता भी होगी। 

 मुख्यालय से कार्यक्रम का जूम लिंक के माध्यम से प्रातः 10ः30 से 11ः30 के मध्य प्रसारण कराया जाएगा। इसमें विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। कॉन्क्लेव में विभिन्न विषयों पर विशेष प्रस्तुतिकरण होंगे, जिनमें आधुनिक डेयरी प्रबंधन (नन्द बाबा दुग्ध मिशन आदि), औपचारिक डेयरी प्रसंस्करण (दुग्ध नीति-2022 ),चारा प्रबन्धन, पशु रोगों की पहचान, रोकथाम, निगरानी, नियंत्रण तथा टीकाकरण समेत विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।

दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कृषि विज्ञान केन्द्रों तथा कृषि विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञ अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना, मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना एवं नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को चयन एवं अनुमति पत्र वितरित किए जाएंगे। 

श्रीमती धनलक्ष्मी के. ने प्रदेश के सभी दुग्ध उत्पादक किसानों, पशुपालकों, स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध समितियों तथा डेयरी क्षेत्र से जुड़े नागरिकों से जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव में सहभागिता करने का आग्रह किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments