Saturday, August 29, 2026
Google search engine
Homeराज्यबिहार / झारखण्डबारिश में 3-4 फीट पानी से मिल सकती है निजात, अपर बाजार...

बारिश में 3-4 फीट पानी से मिल सकती है निजात, अपर बाजार सब स्टेशन के लिए बनेगी नई योजना

रांची
 बारिश के मौसम में जलजमाव के कारण अपर बाजार सब स्टेशन से होने वाली बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होने की समस्या जल्द दूर हो सकती है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के न्यू कैपिटल डिविजन की ओर से अपर बाजार सब स्टेशन की ऊंचाई बढ़ाने समेत कई जरूरी कार्यों का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। 

योजना पर काम होने के बाद बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति में भी सब स्टेशन को पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं सेवा सदन पथ स्थित अपर बाजार सब स्टेशन निचले इलाके में है। 

पहाड़ी मंदिर और आसपास के क्षेत्रों से बारिश का पानी बहकर बड़ा तालाब होते हुए सेवा सदन रोड तक पहुंचता है। यहां जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी सब स्टेशन की दीवार और मुख्य प्रवेश द्वार से परिसर में प्रवेश कर जाता है। कई बार पानी तीन से चार फीट तक भर जाता है।

जलजमाव के कारण पानी पैनल रूम, स्टाफ रूम, कनीय अभियंता के कमरे और सब स्टेशन के यार्ड तक पहुंच जाता है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घंटों पूरे सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति ग्रिड से बंद करनी पड़ती है। पानी निकलने के बाद ही बिजली दोबारा बहाल की जाती है।

15 से 16 मेगावाट बिजली का होता है वितरण
अपर बाजार सब स्टेशन से वर्तमान में करीब 15 से 16 मेगावाट बिजली का वितरण किया जाता है। सब स्टेशन में दो 10 एमबीए के पावर ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। समय के साथ इसकी क्षमता बढ़ाई गई है, लेकिन जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। 

इस सब स्टेशन से अपर बाजार, बकरी बाजार, भुईयां टोली, शहीद चौक, टेलीफोन एक्सचेंज, राजभवन, अरगोड़ा सहित कई महत्वपूर्ण और वीवीआईपी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होती है। इसलिए बारिश के दौरान सब स्टेशन बंद होने से बड़ी आबादी प्रभावित होती है।

कारोबार और उद्योग पर पड़ता है असर
अपर बाजार रांची का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में थोक और खुदरा कारोबार के साथ औद्योगिक प्रतिष्ठान भी संचालित होते हैं। बारिश के दौरान बिजली बंद होने से व्यापारिक गतिविधियों पर सीधा असर पड़ता है। बिजली नहीं रहने से लेनदेन, उत्पादन और अन्य जरूरी काम प्रभावित होते हैं।

ऊंचाई बढ़ाने के साथ कई काम प्रस्तावित
समस्या को देखते हुए न्यू कैपिटल डिविजन ने मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है। इसमें सब स्टेशन के पूरे परिसर की ऊंचाई बढ़ाने, पावर ट्रांसफार्मरों को ऊंचा करने, घेराबंदी को बेहतर करने, 11 केवी तारों की ऊंचाई बढ़ाने और जरूरत के अनुसार नए कमरों के निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। जल निकासी की व्यवस्था को भी बेहतर करने की जरूरत बताई गई है।

 अपर बाजार सब स्टेशन से रांची के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बिजली पहुंचाई जाती है। बारिश के दौरान जलजमाव होने पर सुरक्षा कारणों से पूरे सब स्टेशन की बिजली बंद करनी पड़ती है। जलजमाव समाप्त होने के बाद आपूर्ति बहाल होती है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए सब स्टेशन की ऊंचाई बढ़ाने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। योजना लागू होने के बाद बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था में काफी सुधार होने की उम्मीद है। – अजय कुमार, कार्यपालक अभियंता, न्यू कैपिटल डिविजन, जेबीवीएनएल

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments