Thursday, October 22, 2026
Google search engine
Homeदेशराजस्थान पुलिस चलाएगी नशामुक्ति अभियान, युवाओं को जागरूक करने पर रहेगा जोर

राजस्थान पुलिस चलाएगी नशामुक्ति अभियान, युवाओं को जागरूक करने पर रहेगा जोर

जयपुर
 नशे के खिलाफ जन-जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली गुरुवार सुबह जयपुर के अल्बर्ट हॉल पहुंची। यहां महानिदेशक पुलिस  राजीव कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने राइडर्स का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद डीजीपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को अजमेर के लिए रवाना किया।

डीजीपी  शर्मा ने कहा कि राइडर्स की वर्दी, भाषा और खानपान अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन लक्ष्य एक ही है-नशामुक्त भारत निर्माण। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह ने वर्ष 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इसे पूरा करने में हम सभी को एकजुटता से सामूहिक जिम्मेदारी निभानी है। राइडर्स केवल यात्री नहीं, बल्कि नशामुक्त भारत के संदेशवाहक हैं। उनकी असली ताकत अनुशासन है।

नशामुक्ति की शपथ
डीजीपी ने बाइक राइडर्स को 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होने के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही स्वयं नशे से दूर रहने, परिवार व समाज को नशामुक्त रखने, राष्ट्रीय एकता बनाए रखने और किसी भी आयोजन में नशीले पदार्थ नहीं परोसने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस जल्द ही नशामुक्त राजस्थान के लिए व्यापक अभियान चलाएगी। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक लड़ाई है।

 संवाद और संदेश
राइडर्स ने अल्बर्ट हॉल के सामने विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, पुलिसकर्मियों और आमजन से संवाद किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के तन-मन के साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है। नशे से नुकसान के अलावा कोई फायदा नहीं है। सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी विभिन्न सुरक्षा बल निभा रहे हैं। युवा नशे से दूर रहकर देश का भविष्य मजबूत करें। राइडर्स ने स्वयं ड्रग फ्री रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

रैली में शामिल
इस रैली में सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, एनएसजी, एसएसबी सहित विभिन्न केंद्रीय बलों, पुलिस संगठनों और राज्य पुलिस के राइडर्स शामिल हैं। इसमें जयपुर से राजस्थान पुलिस के राइडर्स भी शामिल हो गए हैं। रैली में कांस्टेबल से लेकर आईजी स्तर तक के अधिकारी भाग ले रहे हैं।

 आमेर में स्वागत
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस  वी.के. सिंह ने बताया कि रैली बुधवार शाम जयपुर पहुंची थी। आमेर फोर्ट पर राइडर्स का स्वागत किया गया था। इसके बाद गुरुवार सुबह चतुर्थ बटालियन आरएसी, पांचवीं बटालियन आरएसी और राजस्थान पुलिस अकादमी स्थानों से राइडर्स अलग-अलग समूहों में अल्बर्ट हॉल पहुंचे। रैली 22 अक्टूबर को अजमेर के बाद 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़-उदयपुर और 24 अक्टूबर को गांधीनगर के लिए रवाना होगी।

‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स‘ थीम पर रैली सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड से जुड़ी है। इसके जरिए युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जा रहा है।

इस अवसर पर डीजीपी (कानून-व्यवस्था)  संजय कुमार अग्रवाल, डीजीपी (यातायात) मती मालिनी अग्रवाल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थी और जयपुरवासी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments