Tuesday, September 22, 2026
Google search engine
Homeराज्यछत्तीसगढ़रायपुर गणेश झांकी: स्वागत मंचों को लेकर नई व्यवस्था, सड़क का एक...

रायपुर गणेश झांकी: स्वागत मंचों को लेकर नई व्यवस्था, सड़क का एक हिस्सा रहेगा खाली

रायपुर.

राजधानी रायपुर में 27 सितंबर की रात निकलने वाली गणेश झांकी के दौरान भीड़ और भगदड़ की स्थिति रोकने के लिए इस बार कई नई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी. सड़क के केवल एक हिस्से में ही मंच लगाने की अनुमति होगी, जबकि दूसरा हिस्सा झांकियों की आवाजाही के लिए खाली रखा जाएगा.

मंच का आकार भी निर्धारित किया जाएगा और बड़े मंच लगाने की अनुमति नहीं होगी. फिलहाल गणेश झांकी को पुराने रूट शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली और सदरबाजार से निकालने की तैयारी है. हालांकि, कुछ झांकी समितियों ने कोतवाली से सप्रे शाला रोड, बूढ़ातालाब होते हुए पुरानी बस्ती तक वैकल्पिक मार्ग का सुझाव दिया है. समितियों का कहना है कि सदरबाजार की सड़क संकरी है और दोनों ओर दुकानें व मकान होने के कारण भीड़ बढ़ने पर भगदड़ का खतरा बना रहता है. कई मकान जर्जर हालत में भी हैं.

वहीं सप्रे शाला रोड अपेक्षाकृत चौड़ी है, लेकिन एक ओर तालाब होने के कारण वहां अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने होंगे. गणेश झांकी के रूट को लेकर पुलिस ने समितियों की बैठक बुलाई है. बैठक में दोनों मार्गों पर चर्चा और रायशुमारी के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. विसर्जन के लिए जाने वाली गणेश प्रतिमाओं को शारदा चौक या गुरुनानक चौक से ही झांकी मार्ग में प्रवेश दिया जाएगा. पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर और सुंदर नगर रोड से सीधे प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. झांकियों के गुजरने के बाद जरूरत के मुताबिक बीच के रास्तों से प्रवेश दिया जा सकेगा या प्रतिमाओं को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा. झांकी के दौरान निकालने और आतिशबाजी जैसे करतब पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. स्वागत या डांस के लिए झांकी को बीच रास्ते में रोकने की अनुमति नहीं होगी. झांकी को धीमी गति से लगातार आगे बढ़ाना होगा, ताकि किसी एक स्थान पर भीड़ जमा न हो.

झांकी में डीजे के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी है. धुमाल, बैंड-बाजा और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल अनुमति मिलने के बाद निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा. गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भी पुलिस-प्रशासन की अनुमति जरूरी होगी. फूहड़ गाने बजाने पर संबंधित झांकी समिति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. तात्यापारा चौक स्थित श्री भारतीय समाज समिति के कुशल गेड़ेकर ने कहा कि सदर बाजार से पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से झांकी निकलती आ रही है और प्रशासन का हमेशा सहयोग मिलता रहा है. उन्होंने कहा कि किसी को नुकसान न हो, इसके लिए समिति प्रशासन के साथ है और तय गाइडलाइन के अनुसार ही झांकी निकाली जाएगी.

गंजपारा स्थित श्रीश्री विनायक गणेशोत्सव समिति के अध्यक्ष लवी ठाकुर ने कहा कि कुछ दिन पहले सदर बाजार में एक बिल्डिंग गिर चुकी है और कई मकान जर्जर हालत में हैं. तेज डीजे साउंड से भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ऐसे में बूढ़ापारा की ओर से झांकी निकालना उचित रहेगा. उन्होंने कहा कि जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के साथ बैठक कर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी. सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने झांकी के रूट को लेकर बताया कि सभी समितियों की बैठक बुलाई गई है. बैठक में रूट को लेकर चर्चा और रायशुमारी के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि झांकी के दौरान नशे और डीजे को लेकर पुलिस की सख्ती रहेगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments