Friday, September 18, 2026
Google search engine
Homeराज्यमध्य प्रदेशफर्जी IAS तृप्ति सिंह मामले में पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, पीड़िता से...

फर्जी IAS तृप्ति सिंह मामले में पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, पीड़िता से रिश्वत मांगने पर ASI-हवलदार पर एक्शन

भोपाल
भोपाल में फर्जी IAS तृप्ति सिंह से जुड़ी कहानी में अब एक ऐसा मोड़ आया है, जिसने पुलिस की जांच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. कहानी शुरू हुई थी एक ऐसी महिला से, जिस पर फर्जी IAS बनकर लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप हैं. उसके खिलाफ तीन FIR दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है. कई लोग शिकायत लेकर थाने पहुंचे. लेकिन इसी जांच के दौरान एक शिकायत ऐसी आई, जिसमें आरोप सीधे पुलिसकर्मियों पर लग गए। 

आरोप था कि जिन पुलिसवालों से पीड़ित इंसाफ की उम्मीद लेकर थाने पहुंच रहे थे, उन्हीं में से कुछ ने उनसे पैसे मांगने शुरू कर दिए. इसके बाद बागसेवनिया थाने में तैनात ASI मनोज शर्मा और हवलदार सुनील राठौर को लाइन अटैच कर दिया गया। 

इस कहानी में ख्याति नाम की युवती की शिकायत अहम है, जो बैतूल की रहने वाली है. ख्याति ने फर्जी IAS तृप्ति सिंह के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की शिकायत की थी. शिकायत की जांच बागसेवनिया थाने में चल रही थी. ख्याति का आरोप है कि जांच के दौरान ASI मनोज शर्मा ने उससे रुपये मांगे। 

अब यहां कहानी थोड़ा पेचीदा हो जाती है. ख्याति के मुताबिक, जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो उसे ही मामले में आरोपी बनाने की धमकी दी गई. पुलिस की जांच में यह भी सामने आया था कि तृप्ति सिंह के बैंक खाते से ख्याति के खाते में कुछ रकम ट्रांसफर हुई थी. आरोप है कि इसी लेनदेन को आधार बनाकर ख्याति पर कार्रवाई का दबाव बनाया गया। 

हालांकि, रिश्वत मांगने के इन आरोपों की जांच अभी होनी है. अभी संबंधित पुलिसकर्मियों का पक्ष इस मामले में सामने नहीं आया है. मामला सामने आने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायत पहुंची. एसीपी रजनीश कश्यप ने बताया कि ASI मनोज शर्मा और हवलदार सुनील राठौर के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं. आरोप था कि तृप्ति सिंह से जुड़े मामले में शिकायतकर्ताओं से पैसे मांगे जा रहे थे और उन्हें डराया जा रहा था। 

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल थाने से हटाकर लाइन अटैच कर दिया गया. फिलहाल शिकायत सामने आई, वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची और उसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है। 

भोपाल में तृप्ति के खिलाफ दर्ज हो चुकीं तीन एफआईआर
इस कहानी का दूसरा सिरा फर्जी IAS तृप्ति सिंह से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक, बागसेवनिया थाने में तृप्ति सिंह के खिलाफ तीन FIR दर्ज हो चुकी हैं. मामले में कई शिकायतकर्ता भी सामने आए हैं. ख्याति की शिकायत के आधार पर भी तृप्ति सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. यानी एक तरफ पुलिस तृप्ति सिंह के खिलाफ कथित ठगी के मामलों की जांच कर रही थी, दूसरी तरफ उसी जांच से जुड़े पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतें आने लगीं. मामला यहीं से और उलझ गया। 

आरोप ये है कि तृप्ति सिंह के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची ख्याति से ही जांच के दौरान पैसे मांगे गए. जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो कथित तौर पर उसे आरोपी बनाने की धमकी दी गई. ख्याति की शिकायत और दूसरी शिकायतों के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दोनों पुलिसकर्मियों को थाने से हटा दिया. लेकिन आरोपों की सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही साफ होगा. फिलहाल तृप्ति सिंह से जुड़े मामलों की जांच जारी है. वहीं ASI मनोज शर्मा और हवलदार सुनील राठौर पर लगे आरोपों की भी जांच हो रही है. जांच के निष्कर्ष के बाद ही साफ होगा कि शिकायतों में लगाए गए आरोप कितने सही हैं। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments