Thursday, October 1, 2026
Google search engine
Homeराज्यमध्य प्रदेशसोशल मीडिया पर पुलिस की नजर, 100 Instagram ID ब्लॉक; संगठन से...

सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर, 100 Instagram ID ब्लॉक; संगठन से जुड़े लोगों की तलाश

उज्जैन
उज्जैन में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने उपद्रव से जुड़े भड़काऊ और वायरल कंटेंट वाले 100 से अधिक इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट/पेज ब्लॉक करवाए हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल, सोशल मीडिया गतिविधियों और सीडीआर की जांच कर यह पता लगा रही है कि उपद्रव से पहले और बाद में किन लोगों के बीच संपर्क हुआ था।

सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम भी बुधवार को तेज किया गया। मंगलवार को मीनार पर मचान बांधने के बाद बुधवार को मीनार के गुम्बद वाले हिस्से को हटाया गया। इसके बाद मीनार समेत अन्य प्रभावित हिस्से को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया।

8 FIR में 34 आरोपी, 24 गिरफ्तार
28 सितंबर को हुए उपद्रव के मामले में पुलिस
अब तक 8 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। इनमें 34 आरोपियों को आरोपी बनाया गया है, जबकि 24 की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार सर्चिंग कर रही है। जांच के दौरान और आरोपियों के नाम सामने आने की संभावना है।

एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, पथराव, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने और उपद्रव में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने अब तक 100 से अधिक वायरल कंटेंट को ब्लॉक करवाया है। दूसरे जिलों से भी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मंगाया जा रहा है।

यदि किसी आरोपी की अन्य मामलों में संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित मामलों में उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

आरोपी किन संगठनों से जुड़े, मोबाइल की CDR भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड के साथ यह भी पता लगा रही है कि वे किन-किन संगठनों से जुड़े हैं। उनके मोबाइल की सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उपद्रव के पहले और बाद में आरोपियों के बीच किस तरह का संपर्क था।

500 मीटर क्षेत्र में 8 ड्रोन, 100 से ज्यादा CCTV
शाही मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। यहां 8 ड्रोन और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस लगातार फुटेज खंगाल रही है, ताकि उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

2500 जवान तैनात, 5 ASP और 21 DSP संभाल रहे सुरक्षा
उज्जैन में करीब 2500 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। छत्री चौक, लखेरवाड़ी, सराफा, कालिदास स्कूल के पास, गोपाल मंदिर, ढाबा रोड, खड़े हनुमान, सत्ती गेट से लेकर कंठाल तक बैरिकेडिंग की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था में उज्जैन के अलावा रतलाम, नीमच, इंदौर, देवास, शाजापुर समेत अन्य जिलों से आए 5 एएसपी, 21 डीएसपी और 32 टीआई तैनात हैं। RAF और STF की तीन कंपनियां भी सुरक्षा में लगी हैं। करीब 850 महिला पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर हैं।

40 श्रमिक कर रहे प्रभावित हिस्सा हटाने का काम
मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के लिए मुस्लिम समाज के करीब 40 श्रमिक दो शिफ्टों में काम कर रहे हैं। अभी तक करीब 35 प्रतिशत हिस्सा ही हटाया जा सका है। काम की गति को देखते हुए पूरा प्रभावित हिस्सा हटाने में कम से कम चार दिन और लग सकते हैं।

पुलिसकर्मियों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था
बाहर से आए पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए शहर की अलग-अलग धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था की गई है। पुलिस बल के लिए चाय, नाश्ता, लंच और डिनर के साथ भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दो शिफ्टों में अधिकारी और जवान ड्यूटी कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments