Sunday, August 30, 2026
Google search engine
Homeराज्यपंजाबजालंधर में पीएम मोदी का दूसरा दौरा, 17 जुलाई को रेलवे स्टेशन...

जालंधर में पीएम मोदी का दूसरा दौरा, 17 जुलाई को रेलवे स्टेशन की नई इमारत का करेंगे लोकार्पण

जालंधर
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह महीने में दूसरी बार जालंधर आ रहे हैं। राजनीतिक हलकों में प्रधानमंत्री के इस दौरे को भी आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। एक फरवरी के बाद प्रधानमंत्री अब 17 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नई इमारत का उद्घाटन करेंगे।

इसके साथ ही अमृतसर के छेहरटा से वाराणसी तक श्री गुरु रविदास महाराज के नाम पर नई चलाई जा रही ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री फरवरी में श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती पर एक फरवरी को सचखंड डेरा बल्लां आए थे। वहां उन्होंने गद्दीनशीन संत श्री 1008 स्वामी निरंजन दास महाराज से मुलाकात की थी। उसी दौरान आदमपुर के सिविल एयरपोर्ट का नाम भी ‘गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट’ रखा गया था।

ट्रेन का करेंगे उद्घाटन
अब एक बार फिर प्रधानमंत्री जालंधर आकर कैंट स्टेशन का उद्घाटन और गुरु रविदास के नाम पर चलाई जा रही ट्रेन की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जालंधर दौरे को लेकर पार्टी के नेता उनके आधिकारिक शेड्यूल का इंतजार कर रहे हैं।

एसपीजी ने संभाला मोर्चा
प्रधानमंत्री दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जालंधर छावनी स्टेशन पर लग रहे वाटरप्रूफ टेंट में पांच हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

सुरक्षा के लिहाज से समारोह स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई। प्रधानमंत्री की सुरक्षा संभालने वाली स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप यानी एसपीजी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। पंडाल व स्टेज गुजरात की फर्म तैयार कर रही है।

सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग करके कुछ-कुछ स्थानों पर जाने के लिए आम लोगों की अभी से रोक लगा दी गई है। सोमवार को प्रबंधों व सुरक्षा का जायजा डीसी वरजीत सिंह वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने जायजा भी लिया। प्रधानमंत्री दोपहर बाद जालंधर पहुंचेंगे, क्योंकि वह पहले जींद में हाईड्रोजन ट्रेन को हरी झंडे देंगे।

रेलवे स्टेशन पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर तैयारियां तेज हो गई हैं। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्टेशन का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार खुद जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा की।

17 तारीख को पीएम आएंगे जालंधर
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने बताया कि 17 तारीख को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी को देखते हुए वे स्टेशन पर चल रही तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि यह भारतीय रेलवे और देश के लिए गर्व का अवसर होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ देश के 75 अमृत भारत स्टेशनों को जनता को समर्पित करेंगे। इनमें जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन भी शामिल है।

स्टेशन को बहुत खूबसूरती के साथ री-डेवलप किया गया
चेयरमैन ने स्टेशन के नए स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि इसे बेहद खूबसूरती के साथ री-डेवलप किया गया है। यहां यात्रियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि पुराने और नए स्टेशन में काफी बड़ा अंतर नजर आ रहा है। निरीक्षण के दौरान मिली छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

जब चेयरमैन से जालंधर सिटी स्टेशन के नवीनीकरण को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन स्टेशनों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है जो तैयार हो चुके हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने का काम लगातार जारी है। एक साथ 75 अमृत भारत स्टेशनों का देश को समर्पित किया जाना भारतीय रेल और आम यात्रियों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

हाई-स्पीड ट्रेन और ट्रैक प्लानिंग को लेकर सतीश कुमार ने बताया कि देश में सात अलग-अलग कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में भी सात नई लाइनों की घोषणा की गई है, जिन पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments