Sunday, August 9, 2026
Google search engine
Homeराज्यछत्तीसगढ़CG में राशन लेने के लिए लाइन की जरूरत नहीं, 24 घंटे...

CG में राशन लेने के लिए लाइन की जरूरत नहीं, 24 घंटे खुला रहेगा अन्नपूर्ति ग्रेन ATM

रायपुर.

प्रदेश में अब एटीएम से राशन भी मिलेगा। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने शनिवार को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में प्रदेश के पहले तीन अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का ऑनलाइन उद्घाटन किया। अब हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे और सातों दिन मशीन से चावल प्राप्त कर सकेंगे।

आधार या राशनकार्ड नंबर दर्ज करने और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद मशीन निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराएगी। यह पहल सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। छत्तीसगढ़ ग्रेन एटीएम शुरू करने वाला देश का पांचवां राज्य बन गया है, इससे पहले उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा में यह व्यवस्था लागू की जा चुकी है।

2,500 किलो तक चावल रखने की क्षमता
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम में लगभग 2,500 किलोग्राम खाद्यान्न भंडारण की क्षमता है। मशीन में चावल की लोडिंग स्वचालित प्रणाली से होगी। हितग्राही के बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद उसके राशन की निर्धारित मात्रा मशीन से स्वतः निकल जाएगी। इससे खाद्यान्न वितरण में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और वितरण प्रक्रिया की निगरानी भी आसान होगी।

दूसरे राज्यों के लोगों को भी राशन
इस सुविधा का लाभ केवल प्रदेश के राशनकार्डधारियों तक सीमित नहीं है। वन नेशन, वन राशनकार्ड व्यवस्था के तहत दूसरे राज्यों के राशनकार्डधारी भी बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से यहां से खाद्यान्न ले सकेंगे। इससे प्रवासी श्रमिकों और रोजगार के सिलसिले में राज्य में आने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

भीड़ और समय की होगी बचत : दयालदास
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पीडीएस को आधुनिक और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। ग्रेन एटीएम से हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार राशन ले सकेंगे, जिससे समय की बचत होगी और उचित मूल्य दुकानों में भीड़ तथा कतार कम होगी। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था पीडीएस में पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वसनीयता को और मजबूत करेगी।

वर्ल्ड फूड प्रोग्राम की प्रतिनिधि नजीनो हासीमोनी ने इस पहल के लिए राज्य सरकार को बधाई दी। शुभारंभ अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, खाद्य विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम, नागरिक आपूर्ति निगम की एमडी इफ्फत आरा समेत जनप्रतिनिधि और हितग्राही मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments