Saturday, September 19, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedNEET UG 2026: फिर से होगी राउंड-1 काउंसलिंग, जानें च्वाइस फिलिंग की...

NEET UG 2026: फिर से होगी राउंड-1 काउंसलिंग, जानें च्वाइस फिलिंग की पूरी जानकारी

नीट यूजी-2026: फिर से होगी पहले चरण की काउंसलिंग, च्वाइस फिलिंग शुरू

7 सितंबर को हुआ सीट आवंटन निरस्त, 21 सितंबर शाम 5 बजे तक भर सकेंगे नई च्वाइस

22 सितंबर को जारी होगा सीट आवंटन परिणाम

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के अनुपालन में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय ने जारी की प्रथम चरण की काउंसलिंग की संशोधित समय-सारिणी

लखनऊ
 उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत नीट यूजी-2026 के माध्यम से एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग दोबारा कराई जाएगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के अनुपालन में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय, उत्तर प्रदेश ने प्रथम चरण की काउंसलिंग की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत अभ्यर्थियों को फिर से च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग का अवसर दिया गया है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग 18 सितंबर, 2026 को शाम 5 बजे से शुरू हो गई है, जो 21 सितंबर, 2026 को शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके बाद 22 सितंबर को सीट आवंटन का परिणाम घोषित किया जाएगा। सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थी 23 से 26 सितंबर के बीच आवंटन पत्र डाउनलोड कर संबंधित संस्थान में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

7 सितंबर का सीट आवंटन अमान्य

महानिदेशालय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 7 सितंबर, 2026 को पूर्व में किया गया सीट आवंटन अमान्य माना जाएगा। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को संशोधित प्रथम चरण की काउंसलिंग में निर्धारित अवधि के भीतर फिर से च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग करनी होगी। नई काउंसलिंग में च्वाइस फिलिंग प्रथम चरण के लिए पहले से जारी मेरिट सूची के आधार पर होगी। संशोधित काउंसलिंग में सीट आवंटन केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को किया जाएगा, जिन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया पूरी की होगी। पूर्व में आवंटन प्राप्त अभ्यर्थियों को भी इस संशोधित प्रक्रिया के अनुसार अपनी च्वाइस भरनी होगी।

एमबीबीएस और बीडीएस की स्टेट कोटा सीटों पर प्रवेश

यह संशोधित कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के सरकारी एवं निजी चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा महाविद्यालयों, संस्थानों तथा चिकित्सा विश्वविद्यालयों में संचालित एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों की स्टेट कोटा सीटों पर प्रवेश के लिए लागू होगा। उल्लेखनीय है कि योगी सरकार की प्राथमिकताओं में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मानव संसाधन तैयार करने और विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने को प्रमुख स्थान दिया गया है। नीट यूजी-2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश के मेडिकल और डेंटल संस्थानों में प्रवेश पाने के इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

महानिदेशालय ने संशोधित प्रथम चरण की काउंसलिंग के संबंध में अन्य सभी नियम एवं शर्तें पूर्ववत रखी हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर अपनी च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया पूरी करें तथा काउंसलिंग से संबंधित नवीनतम सूचनाओं के लिए विभागीय वेबसाइटों पर लगातार नजर रखें।

काउंसलिंग की संशोधित समय-सारिणी

प्रक्रिया| निर्धारित तिथि
ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग| 18 सितंबर शाम 5 बजे से 21 सितंबर शाम 5 बजे तक
सीट आवंटन परिणाम| 22 सितंबर
आवंटन पत्र डाउनलोड एवं प्रवेश प्रक्रिया| 23 से 26 सितंबर

विभागीय वेबसाइट और हेल्पलाइन

अभ्यर्थी नीट यूजी-2026 काउंसलिंग से संबंधित जानकारी उत्तर प्रदेश नीट काउंसलिंग पोर्टल upneet.gov.in और चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय की वेबसाइट dgme.up.gov.in पर देख सकते हैं।

विभाग ने सहायता के लिए निम्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं

8189011696, 8189011697, 8189011698, 8189011699, 8189011700

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments