Friday, September 18, 2026
Google search engine
Homeलाइफस्टाइलखाना खजानादिल्ली वाली कुरकुरी मोठ कचौड़ी घर पर बनाएं, जानें मसालेदार स्टफिंग की...

दिल्ली वाली कुरकुरी मोठ कचौड़ी घर पर बनाएं, जानें मसालेदार स्टफिंग की आसान रेसिपी आज

दिल्ली सिर्फ घूमने ही नहीं बल्कि खाने की शौकीन लोगों को भी बहुत पसंद आती है. दिल्ली के स्ट्रीट फूड के चर्च तो दूर-दूर तक होते हैं और इनका चटपटा स्वाद लोगों को बहुत पसंद भी आता है. समोसे, छोले-कुलचे, छोले-भटूरे, टिक्की चाट और कचौड़ी दिल्ली की हर गली-नुक्कड़ पर आपको खाने को मिल जाएंगे. वैसे तो दिल्ली में मिलने वाले हर स्ट्रीट फूड की एक अलग खासियत है, उसी में से एक मोठ की कचौड़ी है.

मोठ की कचौड़ी का स्वाद मसालेदार और पेट भरने वाला होता है. जो बाहर से कुरकुरी और अंदर से मसालेदार स्टफिंग वाली यह कचौड़ी सुबह के नाश्ते या शाम की चाय के साथ खूब पसंद की जाती है. अगर आपका भी दिल्ली वाली मोठ कचौड़ी खाने का मन है तो इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं. आइए मोठ की कचौड़ी बनाने का आसान तरीका जानते हैं.

मोठ की कचौड़ी के लिए इंग्रेडिएंट्स
आटा गूंथने के लिए
    मैदा- 2 कप
    नमक- स्वादानुसार
    मोयन के लिए तेल या घी- 3 बड़े चम्मच
    पानी- जरूरत के अनुसार

स्टफिंग के लिए
    मोठ दाल- 1 कप
    जीरा- 1 छोटा चम्मच
    सौंफ- 1 छोटा चम्मच
    हींग- 1 चुटकी
    अदरक- 1 छोटा चम्मच
    हरी मिर्च- 1-2 बारीक कटी
    लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटा चम्मच
    धनिया पाउडर- 1 छोटा चम्मच
    अमचूर पाउडर- ½ छोटा चम्मच
    गरम मसाला- ½ छोटा चम्मच
    नमक- स्वादानुसार
    तेल- जरूरत के अनुसार

परोसने के लिए
    हरी चटनी
    मीठी इमली की चटनी
    बारीक कटा प्याज
    दही

मोठ दाल को दरदरा पीस लें
मोठ दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर दाल को हल्का उबाल लें. ध्यान रखें कि दाल पूरी तरह गलनी नहीं चाहिए. इसे ठंडा करके हल्का दरदरा पीस लें.

तैयार करें मसालेदार स्टफिंग
एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें जीरा, सौंफ और चुटकीभर हींग डालें. तड़का लगने के बाद बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक डालकर भूनें. अब इसमें दरदरी पिसी मोठ दाल डालें. साथ में धनिया पाउडर, लाल मिर्च, अमचूर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिक्सर को कुछ मिनट तक भूनें, ताकि उसका पानी सूख जाए और स्टफिंग सूखी हो जाए. गैस बंद करके इसे ठंडा होने दें.

कचौड़ी का आटा लगाएं
एक बड़े बर्तन में मैदा और नमक डालें. इसमें घी या तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मुट्ठी में दबाने पर अगर मैदा बंधने लगे तो समझें कि मोयन सही है. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें. इसे कुछ देर ढककर रख दें.

कचौड़ी में भरें मोठ की स्टफिंग
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई को हल्का फैलाकर बीच में मोठ की तैयार स्टफिंग रखें. किनारों को बंद करके हल्के हाथ से दबाएं. अब इसे बेलकर कचौड़ी की शेप दें.

कचौड़ी तेल में तलें
कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल बहुत तेज गर्म नहीं होना चाहिए. कचौड़ियों को डालकर स्लो से मिडियम फ्लेम पर तलें. दोनों तरफ से गोल्डन और क्रिस्पी होने तक इन्हें आराम से तलें. स्लो फ्लेम पर तलने से कचौड़ी अच्छी तरह सिकती है और कुरकुरी भी बनती है.

चटनी के साथ करें सर्व
गरमागरम मोठ की कचौड़ी को हरी चटनी और मीठी इमली की चटनी के साथ परोसें. ऊपर से प्याज डाल सकते हैं और चाहें तो दही भी डालें. शाम की चाय के साथ इसका मजा दोगुना हो जाएगा. दिल्ली के ठेले वाले भैया अक्सर मोठ की कचौड़ी के साथ आलू की रसवाली सब्जी देते हैं, जिसके साथ ये बेहद लाजवाब लगती है.

प्रो टिप:
कचौड़ी बनाते समय लोई को बहुत ज्यादा पतला न बेलें, वरना तलते समय कचौड़ी फट सकती है. कचौड़ी को ज्यादा गर्म तेल पर भी फ्राई नहीं करना चाहिए.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments