Thursday, July 30, 2026
Google search engine
Homeलाइफस्टाइलखाना खजाना10 मिनट में बनाएं बेसन के 5 टेस्टी स्नैक्स, शाम की भूख...

10 मिनट में बनाएं बेसन के 5 टेस्टी स्नैक्स, शाम की भूख होगी दूर

 शाम की चाय हो या फिर घर पर अचानक आए हुए दोस्त या रिश्तेदार, सबसे पहले दिमाग में यही सवाल आता है कि नाश्ते में ऐसा क्या बनाया जाए जो मिनटों में बन जाए और खाने में भी उतना ही मजेदार हो. ऐसी किसी भी सिचुएशन में किचन में रखा बेसन ही हमारे लिए सबसे बड़ा मसीहा बनकर सामने आता है. बेसन एक ऐसी चीज है जो आपको काफी आसानी से घर में ही मिल जाती है और यह सेहत के लिए भी उतनी ही ज्यादा फायदेमंद होती है. अगर आप हर शाम यह सोचकर परेशान रहते हैं कि 'यार! नाश्ते में क्या बनाया जाए जिसे सभी खुशी-खुशी खाएं?', तो बेसन से बने ये 5 स्नैक्स आपके लिए एकदम परफेक्ट और बेस्ट चॉइस साबित हो सकते हैं. इन्हें बनाने में आपको सिर्फ 10 मिनट का समय लगता है और इनका स्वाद ऐसा होता है कि हर कोई उंगलियां चाटने पर मजबूर हो ही जाएगा. तो चलिए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से, ताकि आप भी शाम की इस टेंशन से हमेशा के लिए आजाद हो जाएं l 

जरूर ट्राय करें बेसन का इंस्टेंट चिल्ला
जब बात बेसन से कोई नाश्ता बनाने की आती है तो चिल्ला का नाम सबसे पहले आता है. यह सबसे पॉपुलर और हेल्दी नाश्ता है जिसे आप मिनटों में तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में बेसन लें और थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर स्मूद बैटर बनाएं ताकि उसमें कोई गांठ न रहे. अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, थोड़ी सी अजवाइन और स्वाद के हिसाब से नमक डाल दें. इसके बाद गैस पर तवा गरम करें और उस पर थोड़ा सा तेल लगाएं और चम्मच से बैटर को गोल-गोल फैला दें. अब इसे दोनों ही तरफ से हल्का सेक लें. आपका गर्मागर्म चिल्ला हरी चटनी या सॉस के साथ खाने के लिए तैयार है l 

अगर जल्दबाजी है तो ट्राय करें बेसन ब्रेड टोस्ट
अगर आपको सुबह या शाम के समय हल्की भूख लगती है और आप जल्दबाजी की वजह से समझ नहीं पाते कि क्या बनाया जाए, तो बेसन ब्रेड टोस्ट सबसे परफेक्ट और बेस्ट ऑप्शन है. इसे बनाना बहुत ही आसान है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में बेसन लें और उसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च, चुटकी भर हींग और अपनी पसंद की बारीक कटी सब्जियां मिला लें. इसके बाद इसमें पानी डालकर एक गाढ़ा बैटर तैयार कर लें. फिर ब्रेड का एक पीस लें और उसे इस बैटर में दोनों तरफ से अच्छे से डुबोएं. अब तवे पर थोड़ा सा घी या तेल डालकर ब्रेड को दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेक लें. सिर्फ 5 मिनट से भी कम समय में आपका टेस्टी टोस्ट तैयार है l 

कम तेल में बनाएं बेसन के फूले-फूले अप्पे
अगर आपको कम तेल से बनी हुई चीजें खाना पसंद है, तो बेसन के अप्पे आपके लिए सबसे बेस्ट चॉइस हैं. बेसन के अप्पे बनाने के लिए सबसे पहले बेसन में थोड़ी सी दही, नमक, मिर्च, कटी हुई शिमला मिर्च और गाजर मिला लें. इस बैटर को थोड़ा गाढ़ा ही रहने दें और इसे पकाने से ठीक पहले इसमें एक चुटकी इनो या मीठा सोडा डाल दें. इसके बाद अप्पे पैन में थोड़ा-थोड़ा तेल लगाएं, चम्मच से बैटर भरें और इसे ढककर 5 से 7 मिनट तक पकाएं. आपके गोल-गोल और सॉफ्ट अप्पे तैयार हो जाएंगे, जिन्हें आप मजे से अपने पूरे परिवार के साथ एन्जॉय कर सकते हैं l 

कुछ क्रिस्पी खाने का मन हो तो बेसन-आलू के पकोड़े
कई बार ऐसा भी होता है कि अचानक से कुछ क्रिस्पी या स्पाइसी खाने का मन कर जाता है. ऐसी किसी भी सिचुएशन में आपके लिए आलू और बेसन के पकौड़ों से बेहतर कुछ भी नहीं हो सकता. बेसन और आलू के क्रिस्पी पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले बेसन में एक चम्मच चावल का आटा मिला लें, ताकि पकौड़े एकदम क्रिस्पी बन सकें. इसके बाद इसमें अजवाइन, हींग, लाल मिर्च और नमक डालकर एक गाढ़ा बैटर तैयार कर लें. अब आलू के पतले-पतले गोल स्लाइस काट लें, इन टुकड़ों को बेसन में डुबोएं और गरम तेल में फ्राई कर लें. सिर्फ 5 मिनट में आपके गर्मागर्म और क्रिस्पी पकौड़े तैयार हैं l 

सभी का फेवरेट बेसन-सूजी के टेस्टी कटलेट
यह एक ऐसा नाश्ता है जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बहुत ही ज्यादा पसंद आता है. इसे बनाने के लिए भी आपको ज्यादा मेहनत करने या समय बर्बाद करने की जरूरत नहीं है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में बराबर मात्रा में बेसन और सूजी लें. इसके बाद इसमें पानी, कद्दूकस की हुई गाजर, उबले हुए मटर, चाट मसाला और नमक मिलाकर एक पतला बैटर तैयार कर लें. अब इस बैटर को कड़ाही में डालकर 2 से 3 मिनट तक चलाएं. यह बैटर तुरंत ही आटे की तरह गाढ़ा हो जाएगा. अब इसे एक थाली में फैलाकर ठंडा कर लें और फिर चाकू से टिक्की की शेप में काट लें. अंत में, तवे पर थोड़ा सा तेल डालकर इन्हें दोनों तरफ से सेक लें और सभी के साथ बैठकर इसके जबरदस्त स्वाद का मजा लें l  

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments