Tuesday, July 28, 2026
Google search engine
Homeराज्यमध्य प्रदेशइंदौर रूट की प्रमुख ट्रेनों का होगा संचालन, लाखों यात्रियों को मिलेगा...

इंदौर रूट की प्रमुख ट्रेनों का होगा संचालन, लाखों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

भोपाल 

सहकारिता मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को नव विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन का दौरा कर लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा सभी तैयारियां समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री  सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में आधुनिक परिवहन एवं आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। रेलवे, सड़क और शहरी कनेक्टिविटी की परियोजनाएं न केवल नागरिकों का जीवन आसान बनाएंगी, बल्कि भोपाल को देश के अग्रणी एवं आधुनिक महानगरों की श्रेणी में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मंत्री  सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन का संचालन केवल एक नए रेलवे स्टेशन का शुभारंभ नहीं, बल्कि तेजी से विकसित हो रहे भोपाल की नई पहचान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की गई महत्वपूर्ण अधोसंरचना है। यह भोपाल के लाखों नागरिकों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात साबित होगी। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को शाम 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद स्टेशन से यात्री रेल सेवाओं का नियमित संचालन प्रारंभ होगा। इंदौर की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन निशातपुरा रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। विशेष रूप से मालवा एक्सप्रेस एवं सोमनाथ–जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव अब निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर होगा।

मंत्री  सारंग ने कहा कि जिस गति से भोपाल का विस्तार हो रहा है, उसी गति से शहर की आधारभूत संरचना को भी विकसित किया जा रहा है। राजधानी की बढ़ती जनसंख्या और यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशनों का विस्तार अत्यंत आवश्यक था। भोपाल, रानी कमलापति और संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पहले से ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, वहीं अब निशातपुरा रेलवे स्टेशन के पूर्णतः संचालित होने से राजधानी का रेल नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा तथा रेल संचालन अधिक सुगम और व्यवस्थित बनेगा। उन्होंने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन विशेष रूप से करोंद, निशातपुरा, छोला, भानपुर, अयोध्या बायपास, द्वारका नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लाखों नागरिकों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आया है। अब इन क्षेत्रों के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए शहर के भीड़भाड़ वाले मुख्य रेलवे स्टेशन तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी, ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी।

मंत्री  सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। स्टेशन शुरू होने की खबर से क्षेत्र के नागरिकों में उत्साह का वातावरण है और यह परियोजना भोपाल के सुनियोजित एवं संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी। उन्होंने नरेला विधानसभा में तेजी से हो रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि नरेला विधानसभा आज फ्लाईओवरों की विधानसभा के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी है। प्रदेश में सर्वाधिक फ्लाईओवरों का निर्माण इसी विधानसभा क्षेत्र में किया जा रहा है, जिससे वर्षों पुरानी यातायात समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो रहा है।

मंत्री  सारंग ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 से द्वारका नगर होते हुए निशातपुरा रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण राज्य सरकार के बजट से किया जा रहा है। यह लगभग छह रेलवे ट्रैकों को पार करने वाला देश का पहला ऐसा रेलवे ओवर ब्रिज होगा। इसके निर्माण से रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी तथा उत्तर भोपाल की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार होगा। मंत्री  सारंग ने बताया कि गणेश मंदिर (कैंची छोला) से खेड़ापति मंदिर तक एक और आधुनिक रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित है। यह परियोजना क्षेत्र के आवागमन को और अधिक सुगम बनाएगी तथा नागरिकों को सुरक्षित, तेज एवं निर्बाध यातायात की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

मंत्री  सारंग ने विश्वास व्यक्त किया कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन और इससे जुड़ी आधारभूत परियोजनाएं आने वाले वर्षों में राजधानी भोपाल की विकास यात्रा को नई दिशा और नई गति प्रदान करेंगी तथा यह क्षेत्र आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक गतिविधियों का एक नया केंद्र बनकर उभरेगा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments