जालंधर.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:40 बजे जालंधर पहुंचेंगे और लगभग डेढ़ घंटे तक शहर में रहेंगे।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के बिल्कुल निकट होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था के तहत यातायात में अस्थायी बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि 17 जुलाई, बुधवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और पठानकोट को जोड़ने वाले एनएच-44 पर अनावश्यक यात्रा से बचें। अगर किसी को इस दौरान यात्रा करनी हो तो वह अपने सफर का समय बदल लें या निर्धारित अवधि से पहले अथवा बाद में यात्रा करें।
वाहनों की आवाजाही पूरे नेशनल हाईवे पर नहीं रोकी जाएगी, इसके लिए डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी, जो यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी देंगे ताकि उन्हें कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।
रेल सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित होने के कारण कुछ समय के लिए रेल सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। 17 जुलाई को रेल यात्रा करने वाले यात्रियों से रेलवे की सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की है। वीरवार को लेकर इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आ सकती है।




