Monday, August 3, 2026
Google search engine
Homeखेलअबू धाबी टी10 फिक्सिंग केस में अखिलेश रेड्डी पर ICC ने लगाया...

अबू धाबी टी10 फिक्सिंग केस में अखिलेश रेड्डी पर ICC ने लगाया 8 साल का बैन

नई दिल्ली
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने  भारतीय मूल के अमेरिकी क्रिकेटर बोडुगुम अखिलेश रेड्डी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने अखिलेश पर आठ साल का प्रतिबंध लगा दिया है. आईसीसी की एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने रेड्डी को भ्रष्टाचार निरोधक संहिता (Anti-Corruption Code) के तीन गंभीर उल्लंघनों का दोषी करार दिया.

यह पूरा मामला 2025 अबू धाबी टी10 लीग से जुड़ा है. इस टूर्नामेंट के लिए एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने आईसीसी को भ्रष्टाचार रोधी गतिविधियों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी थी. आईसीसी के मुताबिक बोडुगुम अखिलेश रेड्डी ने टूर्नामेंट के दौरान मैच के नतीजे और खेल की दिशा को गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की.

इतना ही नहीं, उन्होंने एक अन्य खिलाड़ी को भी मैच फिक्सिंग में शामिल होने के लिए उकसाया और इस साजिश में मदद करने का प्रयास किया. जांच के दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण डेटा और चैट डिलीट कर दिए, ताकि जांच एजेंसी को सबूत न मिल सकें. ट्रिब्यूनल ने इसे भी गंभीर अपराध माना.

आईसीसी ने स्पष्ट किया कि रेड्डी पर लगाया गया आठ साल का प्रतिबंध 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा. इसी दिन उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था. यानी अब वह लंबे समय तक किसी भी स्तर की मान्यता प्राप्त क्रिकेट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.

अखिलेश रेड्डी का कैसा है रिकॉर्ड?
26 वर्षीय बोडुगुम अखिलेश रेड्डी अमेरिका की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंने अमेरिका के लिए चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले और एक विकेट भी हासिल किया. रेड्डी ने नॉर्थ अमेरिका टी20 कप में केमैन आइलैंड्स के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया था. हालांकि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ज्यादा लंबा नहीं चला और अब भ्रष्टाचार के मामले में दोषी पाए जाने के बाद उनका क्रिकेट भविष्य लगभग खत्म होता नजर आ रहा है.

बोडुगुम अखिलेश रेड्डी का क्रिकेट सफर भारत से भी जुड़ा रहा है. अमेरिका में जन्मे और हैदराबाद में पले-बढ़े रेड्डी ने अपने प्रदर्शन के दम पर विजय हजारे ट्रॉफी के लिए हैदराबाद टीम में जगह बनाई थी, हालांकि उन्हें चांस नहीं मिला. वह आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के नेट गेंदबाज भी रहे. रेड्डी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि एसआरएच के नेट्स में उन्होंने शिखर धवन और मनीष पांडे को अपनी गेंदों पर बोल्ड भी किया था.

बेहतर क्रिकेट अवसरों की तलाश में वह बाद में अपने जन्मस्थान अमेरिका लौट गए और वहीं की राष्ट्रीय टीम तक पहुंचे. हालांकि अब उनका क्रिकेट करियर गंभीर संकट में पड़ गया है. अबू धाबी टी10 लीग में मैच फिक्सिंग की कोशिश, दूसरे खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए उकसाने और जांच के दौरान सबूत मिटाने का दोषी पाए जाने के बाद आईसीसी ने उन पर प्रतिबंध लगा दिया.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments