Tuesday, August 11, 2026
Google search engine
Homeराज्यमध्य प्रदेशभोपाल में 12 अगस्त को नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों की...

भोपाल में 12 अगस्त को नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी, भारी बारिश के चलते कलेक्टर ने जारी किया आदेश

भोपाल

जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और उससे उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए भोपाल जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी भोपाल द्वारा 11 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार 12 अगस्त 2026 को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में अत्यधिक वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अवकाश विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगा, जबकि सभी शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यालयीन समय में अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों की आवश्यकता एवं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ऑनलाइन अथवा वर्चुअल कक्षाओं का आयोजन किया जा सकेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

जोखिम वाले विद्यालयों में शिक्षकों को नहीं भेजा जाएगा

जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए हैं। अत्यधिक बारिश, बाढ़, मार्ग अवरुद्ध होने, नदी-नालों में उफान अथवा अन्य कारणों से जिन विद्यालयों तक पहुंचना जोखिमपूर्ण हो, वहां किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को केवल उपस्थिति दर्ज कराने के लिए जोखिम उठाकर विद्यालय पहुंचने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।

ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों की उपस्थिति का सत्यापन अलग से कराया जाएगा और इसकी जानकारी जिला शिक्षा कार्यालय को भेजी जाएगी।

जिले के सभी संकुल प्राचार्यों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित संस्था प्रमुखों को भी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments