नई दिल्ली
भारत के कई घरों में बिजली कटना सिर्फ रोशनी जाने की समस्या नहीं है. गर्मी के मौसम में बिजली जाते ही पंखा बंद हो जाता है और कुछ ही मिनट में कमरे का तापमान परेशान करने लगता है. मार्केट में बैटरी बैकअप वाले पंखे आ रहे हैं. Oriant Electric ने एक BLDC सीलिंग फैन लॉन्च किया है जो बिजले जाने के बाद भी चलता रहेगा. इसका नाम Ecotech Volt BLDC सीलिंग फैन है।
इस पंखे की सबसे खास बात यह है कि इसमें बैटरी पंखे के अंदर ही लगी है. यानी बिजली जाने पर अलग इनवर्टर या बाहरी पावर बैकअप की जरूरत नहीं होगी. कंपनी का दावा है कि यह पंखा बिजली कटने के बाद 10 घंटे तक लगातार कूलिंग दे सकता है. हालांकि यह दावा स्पीड 1 पर इस्तेमाल करने पर है. इस फैन की कीमत कंपनी की वेबसाइट पर 4594 रुपये है।
पंखे में ही लगी है बैटरी
Ecotech Volt में रिचार्ज होने वाली बैटरी को पंखे के अंदर ही लगाया गया है. बिजली रहने पर यह बैटरी चार्ज होती रहेगी और बिजली कटने के बाद पंखा इसी बैटरी से चलता रहेगा।
इसका फायदा उन घरों में ज्यादा हो सकता है जहां बिजली कटने की समस्या रहती है. वहीं जिन घरों में पहले से इनवर्टर है, वहां भी पंखे की अपनी बैटरी होने से इनवर्टर की बिजली दूसरे जरूरी उपकरणों के लिए बच सकती है।
28W की BLDC मोटर, बिजली भी कम खर्च होगी
Orient ने इस पंखे में 28W की BLDC मोटर दी है. कंपनी के मुताबिक यह सामान्य इंडक्शन मोटर वाले पंखों की तुलना में 50 परसेंट तक कम बिजली इस्तेमाल करती है।
पंखे में डबल बॉल-बियरिंग सिस्टम भी है और यह 120V से 280V तक के वोल्टेज उतार-चढ़ाव में काम करने के लिए बनाया गया है. यानी ऐसे इलाकों में भी इसे इस्तेमाल किया जा सकता है जहां बिजली का वोल्टेज हमेशा एक जैसा नहीं रहता।
बैटरी कितने समय तक चलेगी?
बिजली जाने के समय लंबा बैकअप मिलना अच्छी बात है, लेकिन बैटरी की उम्र भी उतनी ही जरूरी है. कंपनी के मुताबिक Ecotech Volt की बैटरी 500 चार्ज साइकल के बाद भी 80 परसेंट तक बैटरी हेल्थ बनाए रखने के लिए बनाई गई है. पंखे पर 3 साल की वारंटी और बैटरी पर अलग से 1 साल की वारंटी दी जा रही है. पंखा ग्लेशियर ग्रे और व्हाइट कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा।
क्या यह इनवर्टर का विकल्प है?
यहां एक बात समझना जरूरी है. Ecotech Volt को हर घर में इनवर्टर का पूरा विकल्प नहीं कहा जा सकता. इनवर्टर से घर के कई इक्विपमेंट्स चलाए जा सकते हैं, जबकि इस पंखे की बैटरी सिर्फ पंखे को चलाने के काम आएगी।
लेकिन अगर किसी घर में बिजली कटने के दौरान सबसे बड़ी परेशानी पंखा बंद होने की है, तो यह तरीका काफी काम का हो सकता है. खासकर गर्म इलाकों में, जहां रात में बिजली जाने पर बिना पंखे के सोना मुश्किल हो जाता है।




