दिल्ली-मुंबई के खाने की अक्सर ही तुलना होती रहती है और दोनों ही जगहों का खाना लोगों को बहुत पसंद आता है. नाश्ते में मुंबई के लोग वड़ा पाव बड़े चाव से खाते हैं, लेकिन जब इसमें धनिया से बनी कुरकुरी कोथिंबीर वड़ी का स्वाद जुड़ जाता है, तो इसका जायका कई गुना बढ़ जाता है. अगर रोजाना पोहा, पराठा या ब्रेड खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार नाश्ते में महाराष्ट्र की मशहूर कोथिंबीर वड़ा पाव रेसिपी ट्राई करें l
कोथिंबीर वड़ा पाव का नाम सुनकर अगर आप सोच रहे हैं कि इसे बनाने में काफी मेहनत और समय लगता होगा, तो ऐसा नहीं है. अगर आप भी फेमस और स्वादिष्ट नाश्ते को बनाना चाहते हैं तो आप इस आसान रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं, जो सुबह के नाश्ते और शाम की चाय के साथ और बच्चों को टिफिन के लिए एकदम परफेक्ट रहने वाली है l
आइए आपको महाराष्ट्र स्टाइल में स्वादिष्ट कोथिंबीर वड़ा पाव बनाने का सिंपल तरीका बताते हैं. यह बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम होती है और जब सबसे अच्छी बात यह है कि इसे आप कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकते हैं l
कोथिंबीर वड़ा पाव बनाने के लिए सामग्री
कोथिंबीर वड़ी के लिए
2 कप बारीक कटा हरा धनिया
1 कप बेसन
2 बड़े चम्मच चावल का आटा
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
½ छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
½ छोटा चम्मच जीरा
½ छोटा चम्मच अजवाइन
1 छोटा चम्मच तिल
स्वादानुसार नमक
जरूरत अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
वड़ा पाव के लिए
4-5 पाव
हरी चटनी
लहसुन की सूखी चटनी
थोड़ा मक्खन
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बाउल में बारीक कटा हरा धनिया, बेसन, चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा, अजवाइन, तिल, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च और नमक मिलाएं.
- फिर इसका थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें. इस मिक्सर को चिकनी की हुई थाली में फैलाकर 15 से 20 मिनट तक स्टीम करें.
- ठंडा होने पर इसे चौकोर या लंबी स्टिक के आकार में काट लें. एक तरफ कड़ाही में तेल गर्म करने के लिए रख दीजिए.
- जब तेल गर्म हो जाए तो इन टुकड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. अब पाव को बीच से काटकर हल्का मक्खन लगाकर तवे पर सेंक लें.
- पाव के अंदर हरी चटनी और लहसुन की सूखी चटनी लगाएं. बीच में 2 से 3 कुरकुरी कोथिंबीर वड़ी रखें और पाव बंद करके सर्व करें.
परोसने का तरीका
गरमा-गरम कोथिंबीर वड़ा पाव को तली हुई हरी मिर्च, टमाटर सॉस या हरी चटनी के साथ परोसें. अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला छिड़ककर इसका स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं. यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी और कम समय में बनने वाला एक शानदार नाश्ता साबित होगी. इसका स्वाद नॉर्मल वड़ा पाव से हटकर होता है, इसलिए लोग इसे मजे से खाते हैं. आप इसको शाम की चाय के साथ भी बनाकर खा सकते हैं, बारिश में भी इसका लुफ्त उठाया जा सकता है.




