Tuesday, June 30, 2026
Google search engine
Homeराज्यरेवाड़ी की दीपाली ने रचा इतिहास, भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट बनने पर...

रेवाड़ी की दीपाली ने रचा इतिहास, भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट बनने पर पूरे शहर ने किया सम्मान

रेवाड़ी
 भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त करने के बाद घर लौटी बेटी दीपाली सिकरवाल के सम्मान में बेस्टेक सोसायटी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

दीपाली सिकरवाल ने धारूहेड़ा की पहली महिला अधिकारी बनकर भारतीय नौसेना में कमीशन हासिल किया है। उन्होंने डिफेंस में पायलट बनने का अपना वर्षों पुराना सपना साकार कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम का आयोजन बेस्टेक सोसायटी आरडब्ल्यूए द्वारा उनके माता-पिता बीएसएनएल के पूर्व एजीएम हरिराम सिकरवाल एवं नमिता सिकरवाल के सम्मान में भी किया गया।

समारोह में पूर्व चेयरमैन राव इंद्रपाल, सोसायटी के प्रधान अमित कुमार यादव, पूर्व सरपंच राव शिवदीप सिंह, पूर्व पार्षद खड़क पटवारी, पार्षद अमन राव, सचिव देवेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष अजय शर्मा, सरला यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने दीपाली की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता हरियाणा की बेटियों को सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

सब- लेफ्टिनेंट दीपाली सिकरवाल ने बच्चों और युवाओं से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा आप जिंदगी में जो भी बनना चाहते हैं बन सकते हैं। रास्ते में आने वाली कठिनाइयों से घबराकर कभी हार नहीं माननी चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments