Thursday, October 15, 2026
Google search engine
Homeराज्यमध्य प्रदेशमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया- अभियान में प्रदेश में 15 लाख 83...

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया- अभियान में प्रदेश में 15 लाख 83 हजार आवेदकों को मिला हितलाभ

इन्दौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, झाबुआ एवं आलीराजपुर में बनाई गई हृयूमन रंगोली
मुख्यमंत्री ने डॉ. ढालसिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त होने पर दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले किया संबोधित

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के सफल और उपलब्धियों से भरे 25 वर्ष पूर्ण होने पर आरंभ सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 01 हजार 345 शिविर लगाए गए। इन शिविरों में 17 लाख 18 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए तथा 15 लाख 83 हजार आवेदकों को हितलाभ मिला है। उन्होंने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा में लगभग 01 हजार 600 यात्राएं निकालीं गईं। यात्राएं लगभग 15 हजार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र में निकाली गई। इन यात्राओं में 11 लाख से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की। सेवा मेरा योगदान अंतर्गत कुल 11 प्रकार की सेवाओं में 50 लाख से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की। नमो सेवा में 665 नुक्कड़ टोलियाँ बनीं, जिनकी 03 हजार 700 से अधिक प्रस्तुतियाँ हुई। सेवा के रंग – राष्ट्र के संग के अंतर्गत 06 जिलों इन्दौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, झाबुआ एवं आलीराजपुर में हृयूमन रंगोली बनाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह जानकारी मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद और प्रदेश के वरिष्ठ नेता डॉ. ढालसिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई दी।

पी.एम. आवास योजना शहरी में मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश के 05 जिलों क्रमश: डिण्डौरी, सीधी, उमरिया टीकमगढ़ एवं शहडोल को पी.एम. धन-धान्य कृषि योजना में बेहतर प्रदर्शन के लिए भारत सरकार सम्मानित कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस उपलब्धि के लिए कृषि मंत्री सहित संबंधित जिलों के कलेक्टर और कृषि विभाग के अधिकारियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह-2026 में मध्यप्रदेश ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रदेश में पोषण जागरुकता से जुड़ी लगभग 2 करोड़ गतिविधियों की प्रविष्टियां दर्ज की गईं। मंदसौर और नीमच ने राष्ट्रीय स्तर पर क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पी.एम. आवास योजना शहरी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भारत सरकार ने मध्यप्रदेश को पुरस्कृत किया है। इस योजना में मध्यप्रदेश पूरे देश में तीसरे स्थान पर रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विभाग को बधाई दी।

उद्योग में 90 हजार करोड़ और पर्यटन 3,729 करोड़ रूपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि गत दिवस हुए मुम्बई रोड शो में अक्षय ऊर्जा और भंडारण, फार्मास्युटिकल, ई-बस, बायोगैस, स्मार्ट मीटर सहित अन्य मूलभूतउ उद्योग सेक्टरों में लगभग 90 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इससे लगभग 20 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि म.प्र. पर्यटन द्वारा प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित ट्रेवल मार्ट सफल रहा। इसमें 34 देशों के 100 से अधिक एवं भारत के 180 से अधिक पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। दस हजार से अधिक बी2बी मीटिंग्स ने असीम पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक पहचान दिलाई। मार्ट में लगभग 3,729 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जो निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं। ये प्रस्ताव लक्जरी होटलों, वेलनेस रिसॉर्ट्स, गोल्फ कोर्स, वॉटरफ्रंट रिट्रीट्स और वन्यजीव लॉज के विकास से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफल आयोजन के लिए पर्यटन विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मार्ट की सफलता को देखते हुए एक तिथि निर्धारित कर प्रतिवर्ष यह आयोजन उस तिथि पर ही किया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन में उज्जैन सबसे आगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि देश के घरेलू पर्यटन पर हाल ही में एक रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश में वर्ष-2021 में 4 करोड़ 88 लाख पर्यटक आये। वर्ष – 2025 में यह संख्या बढ़कर लगभग 21 करोड़ हो गई है, इनमें सबसे बड़ा आँकड़ा धार्मिक पर्यटन का है। उज्जैन में सर्वाधिक 08 करोड़ धार्मिक पर्यटक आये। प्रसन्नता का विषय है कि प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।

तेजी से हो स्वामित्व योजना का काम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वामित्व योजना को लेकर बना गतिरोध अब समाप्त हो गया है। प्रसन्नता है कि पटवारी संवाद के बाद एक बार फिर अपने काम पर लौट रहे हैं। कर्मचारी हमारे कर्मयोगी है और सरकार उनके वाजिब हितों को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पटवारियों से तेजी से काम प्रारंभ कर समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने की अपील की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओबोसी आरक्षण के संबंध में कहा कि राज्य सरकार ओबीसी के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नोबेल शांति पुरस्कार के लिए सुश्री नवी पिल्ले को बधाई दी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि सुश्री नवी पिल्ले को वर्ष 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार देने की घोषणा हुई है। वे दक्षिण अफ्रीका में जन्मीं है लेकिन भारतीय मूल की है। उनके दादा, परदादा भारत से दक्षिण अफ्रीका गए थे। उन्होंने जीवनभर युद्ध, नरसंहार, मानवता के खिलाफ होने वाले अपराधों के विरूद्ध और मानव अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुश्री पिल्ले को हार्दिक बधाई दी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments