Thursday, July 30, 2026
Google search engine
Homeराज्यछत्तीसगढ़CG News: रायगढ़ को मिली नई बैंक शाखा की सौगात, वित्त मंत्री...

CG News: रायगढ़ को मिली नई बैंक शाखा की सौगात, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय सुधारों पर दिया जोर

रायपुर : रायगढ़ में इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का शुभारंभ, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बैंकिंग विस्तार और वित्तीय सुधारों पर दिया जोर

रायपुर

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रायगढ़ में इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि बैंक की नई शाखा खुलने से स्थानीय व्यापार, उद्यमिता और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।

    मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और वित्तीय समावेशन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री का दायित्व संभालने के बाद उन्होंने राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठकों में बैंकिंग व्यवस्था को अधिक परिणाममुखी बनाने के लिए स्पष्ट नीति और उद्देश्य तय किए हैं।

    उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से निवेश आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रही है। ऐसे में बैंकों की भूमिका केवल जमा राशि तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि उन्हें निवेश, उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।

    चौधरी ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने दूरदर्शी वित्तीय प्रबंधन के तहत देश का पहला राज्य पेंशन फंड तथा ग्रोथ एंड स्टेबिलिटी फंड स्थापित किया है, ताकि भविष्य की वित्तीय आवश्यकताओं और आर्थिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन और पेशेवर निर्णयों के आधार पर बैंकिंग संस्थाओं के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन बैंकों ने छत्तीसगढ़ में जोनल मुख्यालय स्थापित किए हैं, दूरस्थ क्षेत्रों में शाखाओं का विस्तार किया है तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें राज्य सरकार प्राथमिकता देती है। उन्होंने इंडियन ओवरसीज बैंक की सराहना करते हुए कहा कि बैंक ने जगरगुंडा जैसे अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में शाखा खोलकर वित्तीय समावेशन की दिशा में सराहनीय कार्य किया है।

    वित्त मंत्री ने रायगढ़ शाखा से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने जैसी पहलों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिले।

    चौधरी ने बैंक प्रबंधन से रायगढ़ जिले के तमनार, लैलूंगा, धरमजयगढ़, कापू सहित अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी बैंक शाखाओं का विस्तार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बैंक शाखाएं केवल वित्तीय लेन-देन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, डीबीटी, स्टार्टअप, स्टैंडअप और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी हैं।

    उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंडियन ओवरसीज बैंक भविष्य में भी राज्य सरकार की विकासोन्मुखी सोच के अनुरूप कार्य करेगा और छत्तीसगढ़ के समग्र आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए बैंक की नई शाखा के सफल संचालन की कामना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments