Saturday, June 6, 2026
Google search engine
Homeराज्यपंजाबतरनतारन में खूनी वारदात, ड्यूटी पर तैनात जवान पर तलवारों से हमला...

तरनतारन में खूनी वारदात, ड्यूटी पर तैनात जवान पर तलवारों से हमला कर राइफल छीनी

तरनतारन.

तरनतारन जिले के हरिके पत्तन क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग पर स्थापित नाके पर ड्यूटी दे रहे पंजाब होम गार्ड के जवान पर दो अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावर जवान को घायल करने के बाद उसकी सर्विस राइफल और कारतूस छीनकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और आरोपितों की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पंजाब होम गार्ड के जवान सुखविंदर सिंह की अन्य कर्मियों के साथ हरिके पत्तन नाके पर ड्यूटी लगी हुई थी। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति नाके के पास पहुंचे। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति के पीछे बैठे हमलावर ने अचानक तेजधार हथियार से सुखविंदर सिंह पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि जवान को संभलने का मौका नहीं मिला।

अन्य कर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल
हमले में घायल होने के बाद आरोपितों ने जवान के कब्जे से उसकी सर्विस राइफल और कारतूस छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद नाके पर मौजूद अन्य कर्मियों ने घायल जवान को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे जीरा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे फरीदकोट रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही जिला तरनतारन और फिरोजपुर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही हमलावरों के भागने के संभावित मार्गों पर नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने जांच की शुरू
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि वारदात पूर्व नियोजित थी या फिर हमलावर किसी अन्य आपराधिक उद्देश्य से वहां पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments