Thursday, September 24, 2026
Google search engine
Homeलाइफस्टाइलखाना खजानाप्लेट जितनी बड़ी और रुई जैसी सॉफ्ट, ऐसे बनाएं कर्नाटक की मशहूर...

प्लेट जितनी बड़ी और रुई जैसी सॉफ्ट, ऐसे बनाएं कर्नाटक की मशहूर थट्टे इडली

क्या आपने कभी किसी साउथ इंडियन खाने की दुकान में प्लेट के आकार की बड़ी-बड़ी इडली रखी देखी है. प्लेट के साइज की इडली को 'थट्टे इडली' कहते हैं जो कर्नाटक की संस्कृति का एक अहम हिस्सा है. साउथ इंडिया में लगभग हर जगह मिलने वाली छोटी, गुंबद के आकार की इडली के उलट यह काफी चौड़ी, चपटी और बहुत ही मुलायम होती है. इसका टेक्सचर चावल के केक से ज्यादा बादल जैसा होता है.

थट्टे इडली इतनी मुलायम क्यों होती है?
थट्टे इडली का बैटर आम इडली के बैटर से अलग होता है. इसमें रेगुलर इडली वाले चावल और उड़द दाल के साथ ही मुरमुरे या पोहा और कभी-कभी साबूदाना भी मिलाया जाता है जिससे ये बहुत ज्यादा मुलायम और लाइट बनती है. वैसे इस बैटर से साधारण इडली भी बनाई जा सकती है.

यह इडली नॉर्मल इडली से साइज में बड़ी, स्वाद में बेहद स्वादिष्ट और छूने में रुई जैसी बेहद सॉफ्ट व जालीदार होती है. एक ही इडली में आपका पेट आराम से भर जाता है. इसे नारियल की तीखी चटनी, सांबर और थोड़े से घी या गन पाउडर यानी पोड़ी मसाले के साथ परोसा जाता है. आइए जानते हैं कर्नाटक स्टाइल में एकदम सॉफ्ट और परफेक्ट थट्टे इडली बनाने की आसान विधि!

सामग्री:
2 कप इडली राइस (डोसा राइस या फिर सोना मसूरी चावल)

1/2 कप उड़द दाल (बिना छिलके वाली)

1/4 कप साबूदाना (इडली को सुपर सॉफ्ट बनाने के लिए)

1/4 कप पोहा (चिड़वा)

1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना

स्वादानुसार नमक

पानी (बैटर बनाने के लिए)

मोल्ड/प्लेट ग्रीस करने के लिए थोड़ा-सा तेल या घी

बनाने की विधि:
एक बर्तन में इडली राइस, उड़द दाल, साबूदाना और मेथी दाना को अच्छी तरह धोकर 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. पोहे को पीसने से 10 मिनट पहले भिगोएं.

भीगी हुई सामग्री और पोहे को मिक्सी या ग्राइंडर में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एकदम स्मूथ पीस लें. बैटर न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला.

पिसे हुए बैटर में नमक मिलाएं और इसे ढककर 8-10 घंटे (या रात भर) किसी गरम जगह पर खमीर उठने के लिए रख दें. खमीर उठने के बाद बैटर फ्लफी और दोगुना हो जाएगा.

थट्टे इडली स्टैंड (या घर की किसी भी छोटी, फ्लैट किनारे वाली ढोकला/इडली प्लेट) में थोड़ा-सा तेल या घी लगाकर ग्रीस कर लें.

तैयार बैटर को प्लेट में आधा या तीन-चौथाई भरें. इडली स्टीमर या ढक्कन वाले बड़े बर्तन में पानी उबलने दें. प्लेट्स को स्टीमर में रखें और मध्यम से तेज आंच पर 10-12 मिनट तक भाप में पकने दें.

एक टूथपिक डालकर चेक करें, अगर वह साफ निकले तो इडली पक चुकी है. थोड़ा ठंडा होने पर चम्मच की मदद से किनारों से इडली निकाल लें.

ऊपर से थोड़ा-सा देसी घी और गन पाउडर छिड़ककर नारियल की चटनी और गरम-गरम सांभर के साथ परोसें.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments