Friday, August 21, 2026
Google search engine
Homeराज्यमध्य प्रदेशबांधवगढ़ बफर जोन बना सैलानियों की पसंद, हरियाली के बीच बढ़ी पर्यटकों...

बांधवगढ़ बफर जोन बना सैलानियों की पसंद, हरियाली के बीच बढ़ी पर्यटकों की रौनक

भोपाल 

मानसूनी बारिश के साथ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का प्राकृतिक सौंदर्य और अधिक निखर उठा है। हरे-भरे जंगल, कल-कल करते झरने जल संरचनाओं में बढ़ा हुआ जल स्तर और खुशनुमा मौसम का आनंद लेने सक्रिय हुए वन्यजीवों की बढ़ी हुई आवाजाही ने पर्यटकों के आकर्षण में कई गुनी बढ़ोतरी कर दी है। मानसूनकाल में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का कोर क्षेत्र पर्यटन के लिए बंद है। किंतु पर्यटकों के लिये बफर जोन का हराभरा सौंदर्य भी सफारी का खुला आमंत्रण सिद्ध हो रहा है।

बफर जोन की सफारी को लेकर पर्यटकों में उत्साह है। यहाँ 1 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक 47 दिनों में 400 से अधिक फेरे हुए। इनमें 2 हजार से अधिक देशी-विदेशी पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया है। इस अवधि में बफर जोन पर्यटन से विभाग को 5.50 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। पर्यटन गतिविधियों से जिप्सी संचालकों, गाइड और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय भी बढ़ी है।

बाघ-तेंदुआ, हाथी और गौर समेत वन्यजीवों ने बढ़ाया सफारी का रोमांच

मानसून के दौरान बांधवगढ़ के धमोखर और पनपथा बफर क्षेत्रों में घूम रहे पर्यटक बाघों को ठीक सामने देख रोमांचित हो गये। इसके साथ ही तेंदुआ, इंडियन गौर, हाथी, चीतल, सांभर, बार्किंग डियर और नीलगाय सहित अनेक वन्यजीवों की मौजूदगी ने सफारी के रोमांच को और बढ़ा दिया। धमोखर बफर क्षेत्र विशेष रूप से पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां बाघिन और उसके शावकों की धमा-चौकड़ी पर्यटकों के लिए सफारी बोनस बन गई है। घने जंगल में शावकों के साथ कई तरह के वन्य जीवों की लुकाछिपी मानसून सफारी को अविस्मरणीय बना रही है।

स्वतंत्रता दिवस पर भी बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक

वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण की दृष्टि से मानसून अवधि में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का कोर क्षेत्र पर्यटकों के लिए बंद रहता है। इसके बावजूद बफर क्षेत्र पर्यटकों को प्रकृति और वन्यजीवों को करीब से देखने का अवसर प्रदान कर रहा है। स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के अवकाश का लाभ लेने 29 सफारी वाहनों से 161 पर्यटक दलों ने बफर जोन का भ्रमण किया। इससे लगभग 40 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके बाद 16 अगस्त को भी 24 सफारी वाहनों के से 111 पर्यटक दलों ने जंगल सफारी का आनंद लिया।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments