Tuesday, June 23, 2026
Google search engine
Homeराज्यपंजाबमोगा में मंत्री हरजोत बैंस का एक्शन मोड, औचक निरीक्षण के बाद...

मोगा में मंत्री हरजोत बैंस का एक्शन मोड, औचक निरीक्षण के बाद निगम कमिश्नर को नोटिस जारी

चंडीगढ़/मोगा.

पंजाब सरकार के ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार सुबह मोगा शहर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शहर में कई स्थानों पर खुले में कूड़े के ढेर और खराब सफाई व्यवस्था मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए नगर निगम मोगा के कमिश्नर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर कचरा जमा मिला, जो राज्य सरकार द्वारा निर्धारित स्वच्छता मानकों के विपरीत पाया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने ‘मिशन क्लीन पंजाब’ शुरू किया है, जिसका उद्देश्य शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है। यह अभियान केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता बेहतर सुविधाओं की हकदार है और अपने दायित्वों का निर्वहन न करने वाले अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि वह स्वयं इस तकनीक आधारित स्वच्छता अभियान की निगरानी कर रहे हैं। अभियान के तहत नगर निगम कमिश्नरों से लेकर कार्यकारी अधिकारियों तक सभी अधिकारियों के लिए प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक फील्ड विजिट अनिवार्य की गई है। इसके अलावा प्रत्येक शहर को 10 किलोमीटर के जोन में विभाजित कर अलग-अलग पर्यवेक्षण अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। मंत्री ने कहा कि शहरों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी शहरी विकास की रीढ़ हैं और सरकार उनके सहयोग से पंजाब के सभी शहरों को उच्चतम स्वच्छता मानकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि स्वच्छता किसी भी कीमत पर समझौते का विषय नहीं है और सरकार इस दिशा में सख्ती से काम करती रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments