Monday, June 22, 2026
Google search engine
Homeखेल200 T20I का ऐतिहासिक मुकाम: हरमनप्रीत कौर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, दिग्गजों...

200 T20I का ऐतिहासिक मुकाम: हरमनप्रीत कौर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, दिग्गजों को छोड़ा पीछे

 मैनचेस्टर

भारतीय विमेंस टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपने क्रिकेटिंग करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. रविवार (21 जून) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले के लिए मैदान पर उतरते ही उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे अब तक दुनिया का कोई भी पुरुष या महिला क्रिकेटर हासिल नहीं कर पाया था. हरमनप्रीत 200 T20I (टी20 इंटरनेशनल) मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। 

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान हासिल की गई यह उपलब्धि उनके 17 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर की गवाही देती है. साल 2009 में इंग्लैंड में आयोजित पहले महिला टी20 विश्व कप के दौरान डेब्यू करने वाली हरमनप्रीत कौर अब भी भारतीय टीम की अगुवाई कर रही हैं और लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। 

दिलचस्प बात यह है कि मेन्स टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग के नाम है, जिन्होंने 163 मुकाबले खेले हैं. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 159 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. विराट कोहली (125 मैच) तो इस लिस्ट में काफी पीछे हैं. वहीं महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत अब 200 मैचों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई हैं. न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स 184 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. इस लिस्ट में डैनी वायट-हॉज (183 मैच) तीसरे और एलिस पेरी (177 मैच) चौथे पायदान पर हैं। 

हरमनप्रीत कौर ने अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 2009 में किया था. तब से लेकर अब तक उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट के विकास में अहम भूमिका निभाई है. उनके नेतृत्व में भारत ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं और महिला क्रिकेट को नई पहचान मिली. खास बात यह भी है कि 2009 में उनके साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाली खिलाड़ियों में अब सिर्फ छह प्लेयर्स ही सक्रिय हैं। 

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी ने भी हरमनप्रीत की जमकर तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि हरमन सिर्फ एक बेहतरीन खिलाड़ी ही नहीं बल्कि दुनिया भर के क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा हैं. साल्वी के मुताबिक हरमनप्रीत अपनी मेहनत, अनुशासन और अनुभव से युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करती हैं, जिससे उन्हें अपने करियर में आगे बढ़ने में मदद मिलती है। 

साउथ अफ्रीका की स्टार ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन ने भी भारतीय कप्तान की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया. महिला प्रीमियर लीग (WPL) में हरमनप्रीत के साथ खेलने वाली ट्रायोन ने कहा कि 200 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलना अविश्वसनीय उपलब्धि है और वो दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल रही हैं। 

टूर्नामेंट की बात करें तो भारतीय टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है. टीम ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराया है. दूसरी ओर साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद पाकिस्तान को मात देकर वापसी की है. हालांकि हाल के मुकाबलों में साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है और उसने भारत के खिलाफ हालिया पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments