Monday, June 15, 2026
Google search engine
Homeराज्यबिहार / झारखण्डपहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद सीवान पहुंचेंगे सम्राट चौधरी, जनसभा को...

पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद सीवान पहुंचेंगे सम्राट चौधरी, जनसभा को भी करेंगे संबोधित

पटना
बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार 16 जून को सम्राट चौधरी सीवान पहुंचेंगे. सीवान में जिलेवासियों को विकास की बड़ी सौगात देंगे. मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान 415 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 44 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक महकमे से लेकर राजनीतिक गलियारों तक उत्साह और हलचल तेज हो गई है.

पहली बार सीवान दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 16 जून को पचरुखी प्रखंड के पपौर पंचायत पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला सीवान दौरा होगा, जिसे लेकर जिले में विशेष तैयारियां की जा रही हैं. प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं.

415 करोड़ की 44 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री 178.38 करोड़ रुपये की 18 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 236.80 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इस प्रकार कुल 415.18 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं की सौगात सीवान को मिलने जा रही है.

जनसभा से पहले 20 विभागों के स्टॉल का करेंगे निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण करेंगे. इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी.

इन विभागों की योजनाओं पर रहेगी मुख्यमंत्री की नजर
मुख्यमंत्री जिन विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे उनमें जीविका, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, ऊर्जा विभाग, परिवहन विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्योग केंद्र, खेल विभाग, वन विभाग, सहकारिता विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग सहित कुल 20 विभाग शामिल हैं.

‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ सहयोग शिविर में भी होंगे शामिल
पपौर पंचायत में आयोजित विशेष सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे. इस शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है. यहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर ही लोगों की शिकायतों और समस्याओं का निपटारा करेंगे.

जनसभा को करेंगे संबोधित, विकास योजनाओं का बताएंगे रोडमैप
सहयोग शिविर के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान वे राज्य सरकार की उपलब्धियों, आगामी योजनाओं और विकास के रोडमैप को जनता के सामने रखेंगे.

पपौर पंचायत बना वीवीआईपी जोन, लगातार पहुंच रहे बड़े अधिकारी
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पचरुखी के पपौर पंचायत में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पटना से लेकर जिला स्तर तक के वरिष्ठ अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं. राजनीतिक दलों के नेता भी तैयारियों का जायजा लेने पहुंच रहे हैं.

क्या है ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान?
राज्य सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान शुरू किया गया है. इसके अंतर्गत हर महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित कर आम लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाता है. विशेषज्ञों का मानना है कि 415 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास जिले के बुनियादी ढांचे, रोजगार, ग्रामीण विकास और जनसेवाओं को नई गति देगा. मुख्यमंत्री का यह दौरा सीवान के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments