Thursday, October 22, 2026
Google search engine
Homeराज्यछत्तीसगढ़निर्माण कार्यों में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार

पीडब्ल्यूडी सचिव ने सड़कों, पुलों, कॉलेज भवन और विश्राम गृह का किया निरीक्षण, गुणवत्ता में लापरवाही पर जताई नाराजगी

सड़क की चौड़ाई, जीएसबी की मोटाई और लेवल की जांच कर मांगी रिपोर्ट, अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण के निर्देश

रायपुर
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने आज राजनांदगांव और डोंगरगांव क्षेत्र में सड़कों, पुलों, निर्माणाधीन कॉलेज भवन और पुराने विश्राम गृह का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण एवं मरम्मत की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय नियमित रूप से निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सड़क की चौड़ाई, ग्रेन्युलर सब-बेस (जीएसबी) की मोटाई, लेवल और मार्किंग की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने राजनांदगांव से अंबागढ़ चौकी मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण कार्य का जायजा लेते हुए सड़क की विभिन्न परतों, निर्धारित चौड़ाई और लेवल की जांच करने को कहा। ग्राम पैरी नाला में निर्माणाधीन पुल की नींव, पिलर, कैप एवं अन्य संरचनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर जल निकासी और तकनीकी मापदंडों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम सुखरी से दीवानभेड़ी तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर खुदाई, बेस निर्माण एवं अन्य कार्यों की गुणवत्ता जांचने तथा निर्माण कार्यों की वीडियोग्राफी और आवश्यक अभिलेखों का संधारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों से निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम कराने और तकनीकी खामियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

श्री बंसल ने डोंगरगांव में पुराने विश्राम गृह का निरीक्षण करते हुए मुख्य भवन को लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के रूप में विकसित करने तथा परिसर के अन्य उपयोग योग्य भवनों की मरम्मत कर कार्यालय एवं भंडारण कक्ष के रूप में उपयोग करने को कहा। उन्होंने जर्जर और अनुपयोगी संरचनाओं को हटाने, परिसर का समतलीकरण एवं साफ-सफाई कराने सहित सभी आवश्यक सुधार कार्य 15 से 20 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके लिए उपलब्ध विभागीय मदों से राशि की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने सड़क की स्थिति सुधारने, रोड मार्किंग एवं सेंटर लाइन का कार्य कराने तथा डिवाइडर की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराने के भी निर्देश दिए।

विभागीय सचिव ने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में निर्माणाधीन नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महाविद्यालय की लगभग 10 एकड़ भूमि का विधिवत सीमांकन कर चारों ओर सीमा-चिन्ह के रूप में पिलर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि शासकीय भूमि अतिक्रमण से सुरक्षित रहे। उन्होंने भूमि और पहुंच मार्ग से संबंधित राजस्व अभिलेख अद्यतन कराने को भी कहा। उन्होंने महाविद्यालय के निर्माणाधीन दो मंजिला भवन में फ्लोरिंग, प्लास्टर एवं अन्य कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए मुख्य प्रवेश द्वार और सड़क के स्तर में अंतर को ध्यान में रखकर सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दिव्यांगजनों के लिए उपयुक्त रैम्प निर्माण की संभावनाएं तलाशने को कहा। उन्होंने वर्षा जल निकासी के लिए डाउन-पाइप की उचित व्यवस्था और पाइपों की सुरक्षा के उपाय करने के भी निर्देश दिए।

श्री बंसल ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मापदंडों का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी कार्यों के निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता श्रीमती अपर्णा चौरपगार और कार्यपालन अभियंता सुश्री रितु खरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments