Thursday, October 22, 2026
Google search engine
Homeदेशजयपुर एयरपोर्ट से रोजाना चलेंगी 152 उड़ानें, लखनऊ-सूरत के लिए अब सातों...

जयपुर एयरपोर्ट से रोजाना चलेंगी 152 उड़ानें, लखनऊ-सूरत के लिए अब सातों दिन मिलेगी फ्लाइट

जयपुर
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात से विंटर शेड्यूल लागू हो जाएगा। नए शेड्यूल में एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 152 उड़ानों का संचालन होगा, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों फ्लाइट्स शामिल हैं। खास बात यह है कि कोरोना काल के बाद पहली बार उड़ानों की संख्या इतनी हुई है। ऐसे में एयर ट्रैफिक मूवमेंट (एटीएम) भी 7 प्रतिशत तक बढ़ेगा। यह शेड्यूल 27 मार्च तक प्रभावी रहेगा। एयरपोर्ट पर नाइट पार्किंग की बेहतरीन सुविधा होने के कारण इस शेड्यूल में देर रात की उड़ानों को भी शामिल किया गया है, जिससे एयरलाइंस ने भी इसमें रुचि दिखाई है।

पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से अरब देशों की उड़ानें बढ़ेंगी
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से दुबई और मस्कट की जो फ्लाइट्स प्रभावित हुई थीं, वे अब पूरी तरह सामान्य हो चुकी हैं। अब इन दोनों प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रूटों पर एयरलाइंस ने एक-एक अतिरिक्त फ्लाइट चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही, लंबे समय से बंद पड़े बैंकॉक रूट को भी एक बार फिर शुरू किया जा रहा है। थाई एयरएशिया बैंकॉक के लिए अपनी उड़ान सेवा दोबारा शुरू करेगी। इस मार्ग पर प्रति सप्ताह चार उड़ानों का संचालन होगा, जिससे जयपुर और थाईलैंड के बीच पर्यटन और व्यापार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

भोपाल, आगरा और अमृतसर के लिए सीधी उड़ान का इंतजार
जयपुर से भोपाल, वाराणसी, अमृतसर, अयोध्या और आगरा के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद इस बार भी पूरी नहीं हुई। अयोध्या के लिए राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान शुरू हुई सेवा भी पर्याप्त यात्रीभार नहीं मिलने के कारण बंद हो गई थी।

समर शेड्यूल की ज्यादातर उड़ानें यथावत, महानगरों की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर
विंटर शेड्यूल में पर्यटकों के पसंदीदा शहर जैसलमेर को लेकर इस बार निराशा हाथ लगी है। पर्यटन सीजन होने के बावजूद इस विंटर शेड्यूल में पहली बार जयपुर से जैसलमेर रूट की घोषणा नहीं की गई है, जबकि अमूमन इस सीजन में एयरलाइंस इस रूट पर खासी रुचि दिखाती रही हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि बीकानेर, जोधपुर और उदयपुर को शेड्यूल में शामिल किया गया है।

महानगरों के लिए बढ़ेंगी फ्लाइट्स, लखनऊ-सूरत के लिए रोज उड़ानें
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, समर शेड्यूल में संचालित हो रहीं अधिकांश फ्लाइट्स यथावत जारी रहेंगी। इसके अलावा, एयरलाइंस ने पुणे, दिल्ली, नवी मुंबई, नोएडा, मुंबई, बेंगलूरु और सूरत रूट पर कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया है, जिससे इन महानगरों के लिए उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही, जयपुर से लखनऊ और सूरत के लिए अब सप्ताह में चार दिन की बजाय हर रोज (सातों दिन) नियमित उड़ानों का संचालन किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments