Saturday, October 17, 2026
Google search engine
Homeराज्यछत्तीसगढ़रंगदारी केस में फरार शोएब ढेबर की मुश्किलें बढ़ीं, पुलिस ने जारी...

रंगदारी केस में फरार शोएब ढेबर की मुश्किलें बढ़ीं, पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर; इनाम भी घोषित

 रायपुर
 कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा और उनके परिवार को गैंगस्टरों के नाम पर धमकाकर 25 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगने के मामले में फरार शोएब ढेबर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने उसे विदेश भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कराया है।

वहीं, उसकी गिरफ्तारी पर डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस की टीमें छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में उसकी तलाश कर रही हैं। शोएब, शराब और कोयला लेवी समेत विभिन्न मामलों में आरोपित अनवर ढेबर का पुत्र है।

गिरफ्तारी के बाद जमानत, फिर हुआ फरार
पुलिस के अनुसार, कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा ने 14 सितंबर को अज्ञात कालर की ओर से प्रोटेक्शन मनी के लिए धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सिम कार्ड और मोबाइल के आइएमइआइ नंबर के आधार पर शोएब ढेबर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया था। 27 सितंबर को उसे रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान जिस दोस्त को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दिए जाने की बात सामने आई, उसने अदालत में आरोपित को पहचानने से इनकार कर दिया।

इसके बाद गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए उसे जमानत मिल गई। पुलिस ने अगले ही दिन न्यायालय के आदेश को चुनौती देते हुए अपील की और दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने शोएब के घर, होटल और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। अब पुलिस उसकी तलाश के साथ ही उन परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है, जिनमें वह गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पकड़ से बाहर हो गया।

परिवार को भी धमकियां मिलने की चर्चा
मामले में पुलिस शोएब के रिश्तेदारों और परिचितों के संपर्कों की भी जांच कर रही है। आशंका है कि रायपुर में उसके कई संपर्क हो सकते हैं। उसके परिवार को भी कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी के लिए धमकियां मिलने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।

एजाज ढेबर ने भी दर्ज कराई थी शिकायत
रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने भी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि बिश्नोई गैंग के नाम पर फोन कर उनसे 50 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ढेबर परिवार को अंतरराष्ट्रीय काल के जरिए धमकियां दिए जाने की जानकारी मिली थी।

इस मामले में काल करने वाले व्यक्ति के संबंध में जुटाई गई जानकारियां गृह विभाग को भेजे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने जांच के संबंध में आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
गृह विभाग ने मांगी फरार होने की रिपोर्ट

शोएब ढेबर के जमानत पर छूटने और दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद फरार होने के घटनाक्रम को लेकर गृह विभाग ने पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। पुलिस अब लुकआउट सर्कुलर के जरिए उसके विदेश जाने की आशंका रोकने और पांच हजार रुपये के घोषित इनाम के बीच संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments