Monday, October 5, 2026
Google search engine
Homeलाइफस्टाइलखाना खजानाचाय के साथ बनाएं क्रिस्पी बेसन बिस्किट, बिना मशीन के ओवन या...

चाय के साथ बनाएं क्रिस्पी बेसन बिस्किट, बिना मशीन के ओवन या कड़ाही में तैयार

चाय के साथ बिस्किट खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है.  आमतौर पर लोग बाजार से बिस्किट खरीदकर लाते हैं लेकिन आप चाहें तो घर पर भी क्रिस्पी और टेस्टी बेसन बिस्किट बना सकते हैं. बेसन से बने ये बिस्किट खाने में काफी टेस्टी और कुरकुरे लगते हैं. इन्हें बनाने के लिए बेसन के साथ बटर या देसी घी, पिसी हुई चीनी, सूजी, मिल्क पाउडर और कुछ दूसरी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है.

खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए आपको किसी खास मशीन की जरूरत नहीं है. आप इन्हें ओवन या कड़ाही में भी आसानी से बना सकते हैं. ऊपर से आप अपनी पसंद के पिस्ता या बादाम लगाकर इन्हें और भी टेस्टी बना सकते हैं. तो आइए जानते हैं बेसन के बिस्किट बनाने का आसान तरीका और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
1 कप बेसन
1/4 कप बटर या देसी घी
1/4 कप पिसी हुई चीनी
2 बड़े चम्मच सूजी
2 छोटी चम्मच मिल्क पाउडर
1/8 छोटी चम्मच बेकिंग पाउडर
1/8 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा
1/2 छोटी चम्मच इलायची पाउडर
3-4 बूंद वनीला एसेंस
2-3 बड़े चम्मच दूध
बारीक कटे पिस्ता या बादाम, गार्निश के लिए

बेसन बिस्किट बनाएं कैसे?

  • सबसे पहले एक बड़े बाउल में सॉफ्ट बटर या देसी घी और पिसी हुई चीनी डालें. इसे कुछ मिनट तक अच्छी तरह फेंटें, जब तक मिश्रण क्रीमी और स्मूद न हो जाए.
  • अब एक दूसरे बाउल में बेसन, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और मिल्क पाउडर को छान लें. इसमें सूजी और इलायची पाउडर डालकर हल्के हाथ से मिला लें. इसके बाद वनीला एसेंस डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें.
  • अब इस मिश्रण को बटर और चीनी वाले मिश्रण में डालें और हाथ से हल्के-हल्के मिलाते हुए ब्रेड क्रम्ब्स जैसा मिश्रण तैयार करें. इसके बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा करके दूध डालें और सॉफ्ट आटा तैयार करें. ध्यान रखें कि आटा बहुत ज्यादा सख्त या बहुत नरम न हो.
  • तैयार डो को ढककर करीब 2-5 मिनट के लिए रख दें. इसके बाद डो को दो हिस्सों में बांट लें. एक हिस्से की लोई बनाकर बटर पेपर पर रखें और हल्का पतला बेल लें. इसे अपनी पसंद के आकार में काट लें.
  • बिस्किट के ऊपर बारीक कटे पिस्ता या बादाम लगाएं और हल्का दबा दें. इसी तरह बाकी आटे से भी बिस्किट तैयार कर लें.

ओवन में कैसे बेक करें?
ओवन को पहले से 160 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें. तैयार बिस्किट को बेकिंग ट्रे पर रखें और करीब 10 मिनट तक बेक करें. बिस्किट बेक होने के बाद इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें, क्योंकि गर्म बिस्किट टूट सकते हैं.

कड़ाही में कैसे बनाएं?
कड़ाही में बिस्किट बनाने के लिए सबसे पहले भारी तले वाली कड़ाही में नमक डालकर ढक दें और मीडियम आंच पर अच्छी तरह गर्म करें. इसके बाद कड़ाही के अंदर एक रैक रखें और उसके ऊपर बटर पेपर लगी प्लेट में बिस्किट रखें.

कड़ाही को ढककर लो फ्लेम पर लगभग 15-20 मिनट तक बिस्किट बेक करें. जब बिस्किट का रंग हल्का सुनहरा हो जाए तो गैस बंद कर दें. इन्हें ठंडा होने के बाद ही प्लेट से निकालें.

बेसन बिस्किट ठंडे होने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर स्टोर कर सकते हैं. इन्हें चाय या कॉफी के साथ सर्व करें.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments