Saturday, October 3, 2026
Google search engine
Homeराज्यउत्तर प्रदेशप्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर परिजनों का धरना, 17 वर्षीय अनुज...

प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर परिजनों का धरना, 17 वर्षीय अनुज की तलाश में उठे कई सवाल

मथुरा
प्रेमानंद महाराज का आश्रम विवादों में घिरता जा रहा है। एक शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद अब आश्रम आया एक किशोर गायब हो गया है। 17 वर्षीय अनुज चौधरी के परिजन संत प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज के सामने धरने पर बैठ गए। अपने बेटे की सकुशल बरामदगी की मांग पर बैठे परिजनों ने आश्रम के शिष्यों पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। इन आरोपों और परिजनों द्वारा धरना देने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रेमानंद महाराज ऐसे संत हैं जो बहुत ही तेजी से सुर्खियों में आए। वर्ष 2023 के जनवरी महीने में जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपनी बेटी के साथ प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे, तब और कहीं तो दूर वृंदावन के अधिकांश लोग भी नहीं जानते थे कि प्रेमानंद महाराज कौन हैं और कहां रहते हैं।

प्रेमानंद महाराज का हाईटेक तरीका सोशल मीडिया के दौर में उन्हें तेजी से प्रसिद्धि की ओर ले गया। रात में की जाने वाली उनकी पदयात्रा में लोग जुटने लगे। कई नामचीन शख्सियतों के आने से प्रसिद्धि और बढ़ने लगी। हालांकि पिछले कई महीने से रात में निकलने वाली उनकी पदयात्रा बंद है। इस बीच खबर है कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम के लिए नोएडा से आई एक युवती भी गायब है। उसके पिता उसे खोजते हुए यहां आये हैं। वहीं आश्रम के बाहर ढाबे पर कार्य करने वाली एक महिला का 10 साल का बच्चा भी गायब हो गया है।

काफी समय से नहीं आ रहा ताजा वीडियो
प्रेमानंद महाराज का काफी समय से उनके यूट्यूब चैनल पर सत्संग का वीडियो नहीं आ रहा है। कुछ समय पूर्व तक पुराने वीडियो दिखाए जा रहे थे लेकिन अब वह भी बंद हैं। जबकि इससे पहले उनके सत्संग के वीडियो लगातार आ रहे थे। उन्हें देखने वालों की संख्या भी बहुत थी।

क्या सब कुछ सही चल रहा है?
प्रेमानंद महाराज के आश्रम में सब कुछ सही चल रहा है या नहीं, इस बात को हवा तब लगी जब प्रेमानंद महाराज यमुना पार आश्रम बनवाने लगे और वहां चले गए। हालांकि इस पर कोई कुछ बोल नहीं रहा था लेकिन इसे लेकर चर्चा चल निकली थीं। जितने मुंह उतनी बातें लेकिन आश्रम की ओर से कुछ ऐसा नहीं कहा गया, जिससे ऐसा लगे कि कुछ सही नहीं चल रहा।

रसिक की मौत ने खड़े किए सवाल
पिछले दिनों प्रेमानंद महाराज के शिष्य मूल रूप से जबलपुर निवासी दीपक पटेल उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए। गौरतलब है कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम केली कुंज के समीप ही बने भवन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रहते हैं। इनमें से ही एक शिष्य चौथे माले से कूद पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पता लगा कि उसका प्राइवेट पार्ट कटा मिला।

प्रेमानंद के आश्रम आई युवती और आश्रम के बाहर से बच्चा गायब
प्रेमानंद महाराज के आश्रम के लिए नोएडा से आयी एक युवती भी गायब है। उसके पिता उसे खोजते हुए यहां आये हैं। वहीं आश्रम के बाहर ढाबे पर कार्य करने वाली एक महिला का 10 वर्षीय बच्चा भी गायब हो गया है। जिस समय अनुज के परिजन धरना दे रहे थे, उसी समय नजफगढ़ की रहने वाली अनीता वहां पहुंची। अनीता ने अपने 10 वर्षीय बेटे वंश के गायब होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वो अपने बेटे के साथ आश्रम के बाहर स्थित एक ढाबे में खाना बनाने का काम करती है। छह दिन पहले वह किसी काम से गांव गई थीं और अपने बेटे को ढाबे पर छोड़ गई थीं। पहले भी वह बेटे को ढाबे पर ढाबा मालिक के पास छोड़ जाती थीं। इस बार जब लौटीं तो उसका बेटा गायब था।

उधर नोएडा के सेक्टर 56 के रहने वाले उमेश सिन्हा अपनी 38 साल की बेटी विभा को आश्रम के बाहर तलाशते नजर आए। उनका कहना था कि उनकी बेटी विभा 15 अगस्त को घर से संत प्रेमानंद आश्रम के लिए निकली थी। उनकी बेटी महाराज जी से दीक्षा लेना चाहती थी। लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं लग सका है। इसकी शिकायत नोएडा पुलिस में दर्ज करा दी थी। बेटी को खोजने वह यहां आये हैं लेकिन यहां उसका पता नहीं चल रहा है। पूरा परिवार विभा के न मिलने से परेशान है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments