चंडीगढ़
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर से मुलाकात की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे।
उन्होंने पंजाब समेत पूरे देश की तरक्की, खुशहाली और शांति की कामना की। इस संबंधी उन्होंने खुद ही फोटो शेयर की की। आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर का पंजाब से भी गहरा जुड़ाव रहा है। उन्हें पंजाब सरकार के विशेष निमंत्रण पर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी शताब्दी समारोह के तहत आयोजित सर्व धर्म सम्मेलन में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऐसे में वह नवंबर 2025 में पंजाब दौरे पर आए थे।
इस दौरान उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब में संत सम्मेलन में शिरकत की थी। इसके बाद लुधियाना, बठिंडा और जालंधर में सत्संग और ध्यान सत्रों का नेतृत्व किया। इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने, किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करने और समाज में भाईचारे व मानसिक शांति को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
45 से अधिक शहरों में आश्रम
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर का पंजाब से 1980 के दशक से गहरा जुड़ाव रहा है। आज पंजाब में उनके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। राज्य के अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला समेत 45 से अधिक प्रमुख शहरों में आर्ट ऑफ लिविंग के केंद्र सक्रिय रूप से चल रहे हैं। वहीं मोहाली में संगठन का एक बड़ा परिसर द वेलनेस सिटी मौजूद है, जो करीब 20 एकड़ में फैला है। यहां आयुर्वेदिक अस्पताल और ध्यान केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।




