पंचकूला
मतदाताओं की संख्या और जातीय वर्ग को देखते हुए राजनीतिक दलों के लिए चिंता की बात है कि हरियाणा-एनसीआर के जिलों से दस लाख से अधिक मतदाता अपना ठिकाना छोड़ चुके हैं।
चुनाव आयोग के विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान के बाद मतदाताओं की प्रारूप सूची में विधानसभा सीट के हिसाब से यह जानकारी सामने आई। हालांकि अभी 31 अगस्त तक आपत्ति दर्ज करा मत बनवाने का समय है, लेकिन ऐसे मतदाताओं में से गिने-चुने लोग ही आपत्ति दर्ज करा रहे हैं।
वहीं, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए 22-23 अगस्त और 29-30 अगस्त को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे मतदाता
इन तिथियों पर राज्य के सभी बीएलओ सुबह नौ से शाम पांच बजे तक अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे तथा पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना व अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें।
यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो फार्म-6 के माध्यम से नाम शामिल करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों तथा घोषणा-पत्र सहित दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। अभी तक कुल 38 हजार 815 फार्म नंबर-6 प्राप्त हुए हैं। मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 आवश्यक दस्तावेजों एवं घोषणा-पत्र सहित भरा जा सकता है।
अभी तक 2260 फार्म मिले
अभी तक कुल 40 हजार 659 फार्म नंबर-8 प्राप्त हुए हैं। किसी अपात्र, मृत, स्थानांतरित अथवा अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता के संबंध में नाम हटाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फार्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज की जा सकती है।
अभी तक कुल 2260 फार्म नंबर-7 प्राप्त हुए हैं। यह दावे एवं आपत्तियां संबंधित ईआरओ और एईआरओ कार्यालय में जमा की जा सकती हैं। नागरिक ऑनलाइन voters.eci.gov.in के माध्यम से भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।




