Thursday, August 20, 2026
Google search engine
Homeराज्यउत्तर प्रदेशयूपी-जापान साझेदारी ने रचा नया अध्याय, 3195 करोड़ के निवेश से औद्योगिक...

यूपी-जापान साझेदारी ने रचा नया अध्याय, 3195 करोड़ के निवेश से औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार

लखनऊ
उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को उस समय एक और बड़ा प्रोत्साहन मिला, जब यूपी और जापान के बीच बढ़ती औद्योगिक साझेदारी ने बुधवार को ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित ताज पैलेस में आयोजित 'उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन 2026' के दौरान एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की 3,195 करोड़ की परियोजनाओं की वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग की गई। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIDA) क्षेत्र में लगने वाली इन मेगा इकाइयों से राज्य में 10,000 से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

एस्कॉर्ट्स कुबोटा 2029 करोड़ का करेगी निवेश
वैश्विक स्तर पर ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण बनाने वाली प्रमुख कंपनी एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड यीडा के सेक्टर-10 में 2,029 करोड़ के भारी-भरकम निवेश से एक विशाल विनिर्माण इकाई (Manufacturing Unit) स्थापित करने जा रही है। इस आधुनिक प्लांट में हाई-टेक ट्रैक्टरों और संबंधित उपकरणों का उत्पादन किया जाएगा। इस परियोजना के पूरी तरह चालू होने पर 3,800 से अधिक कुशल और अर्ध-कुशल लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मिंडा कॉर्पोरेशन का 1166 करोड़ का प्रोजेक्ट
ऑटो कॉम्पोनेंट सेक्टर की दिग्गज कंपनी मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड भी यीडा क्षेत्र में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित कर रही है। कंपनी इन परियोजनाओं में कुल 1,166 करोड़ का निवेश करने जा रही है। इससे अकेले मिंडा कॉर्पोरेशन के जरिए ही लगभग 6,440 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इन दोनों प्रमुख जापानी और भारतीय संयुक्त उपक्रमों से प्रदेश के ऑटोमोटिव और हैवी इंजीनियरिंग सेक्टर को वैश्विक पहचान मिलेगी।

सप्लाई चेन और सहायक उद्योगों को मिलेगी नई गति
यीडा क्षेत्र में 3,195 करोड़ के इस संयुक्त निवेश के धरातल पर उतरने से केवल मुख्य संयंत्र ही नहीं, बल्कि छोटे सहायक उद्योगों (Ancillary Units) और सप्लाई चेन नेटवर्किंग के लिए भी संभावनाओं का विशाल बाजार तैयार होगा। स्थानीय वेंडर पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ यह प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश और जापान के बीच प्रगाढ़ होते व्यापारिक रिश्तों तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारदर्शी और निवेश-अनुकूल नीतियों पर विदेशी निवेशकों के अटूट भरोसे का बड़ा उदाहरण है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments