Thursday, August 13, 2026
Google search engine
Homeराज्यमध्य प्रदेशइटारसी में ट्रेन बनी चोरों का निशाना, 50 मिनट खड़ी पातालकोट एक्सप्रेस...

इटारसी में ट्रेन बनी चोरों का निशाना, 50 मिनट खड़ी पातालकोट एक्सप्रेस में हुई चोरी

इटारसी

 बुधवार-गुरुवार दरम्यानी रात रेलवे स्टेशन आउटर पर करीब पचास मिनट खड़ी रही पातालकोट एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में घुसे यात्रियों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ट्रेन के अलग-अलग स्लीपर कोच में सफर कर रहे पांच यात्रियों के मोबाइल, नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान चोरों ने गायब कर दिया।

चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रात करीब दो बजे चोर अलग-अलग स्लीपर कोच में घुसे

जानकारी के अनुसार फिरोजपुर कैंट से सिवनी जाने वाली पातालकोट एक्सप्रेस बीती रात इटारसी-भोपाल आउटर पर करीब 50 मिनट तक रुकी रही। इसी दौरान रात करीब दो बजे चोर अलग-अलग स्लीपर कोच में घुसे और सो रहे यात्रियों के सामान को निशाना बनाया।

स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को चोरी की जानकारी हुई

चोरों ने विशेष रूप से महिला यात्रियों के पर्स चोरी किए, जिनमें मोबाइल, नकदी, जेवर और अन्य सामान रखा हुआ था। ट्रेन के रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को चोरी की जानकारी हुई। यात्रियों ने तत्काल जीआरपी पुलिस को घटना की सूचना दी।

इसके बाद जीआरपी के जवान ट्रेन में सवार होकर यात्रियों से जानकारी लेने पहुंचे और उन्हें छिंदवाड़ा पहुंचकर थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया।

शिकायत के आधार पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया

पीड़ित यात्रियों में चौरई निवासी रीना साहू, ग्वालियर की सरोज जैन और भोपाल की रूपा, यात्री अजय कुमार सहित अन्य यात्री शामिल हैं। यात्रियों ने आमला और छिंदवाड़ा पहुंचकर जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
 

इटारसी जीआरपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है

घटनास्थल इटारसी आउटर होने के कारण अब इटारसी जीआरपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में पुलिस ने चार टीमें गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इटारसी आउटर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

पुलिस यात्रियों से पूछताछ के साथ ही ट्रेन रुकने के दौरान आउटर क्षेत्र में मौजूद संदिग्ध लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों का सुराग लग जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments