Sunday, August 9, 2026
Google search engine
Homeराज्यमध्य प्रदेशलाड़ली बहना योजना की राशि जल्द ही जारी होगी

लाड़ली बहना योजना की राशि जल्द ही जारी होगी

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में कृषकों के कल्याण के लिए 16 विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। किसान पूरी लगन और मेहनत से खेती करें, अगले सीजन से खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली की व्यवस्था की जा रही है। हमारा उद्देश्य खेती की आमदनी को दोगुना करने के साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से कृषकों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना है। प्रदेश में सांची ब्रांड के आधार पर दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से 20 प्रतिशत ले जाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गौतम टेटवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने राजगढ़ को कई सौगातें दी है। हाइवे के साथ अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है। मोहनपुरा कुंडालिया डैम से जिले में सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ है। आने वाले समय में चंबल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से जिले को और भी लाभ मिलेगा। सिंचाई सुविधा के विस्तार और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध हो रहे अवसरों से राजगढ़ जिले की छवि को बदलने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया है। हमारी सरकार ने प्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है। किसानों को सोयाबीन के लिए भावांतर की सुविधा उपलब्ध करवाई गई, किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दी जाने वाली राशि सीधे किसान के खाते में आ रही हैं। लाड़ली बहनों को भी राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी इन कल्याणकारी गतिविधियों के लिए बधाई के पात्र है।

कवच योजना से दूर हुई हजारों किसानों की चिंता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'कवच योजना' का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से किसान द्वारा दोबारा बैंक ऋण और फसल ऋण प्राप्त कर सकते हैं। किसानों की चिंता दूर हुई है और किसान बैंकिंग व्यवस्था की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश में किसानों के मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही लाड़ली बहना योजना की राशि, बहनों के खातों में जारी होने वाली हैं। संपूर्ण प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम, वार्ड, जनपद, जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकालने के लिए उपस्थित जनसमुदायों को प्रेरित किया।

काम नहीं करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई : बेहतर कार्य पर मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी जिलों में बड़े पैमाने पर पुलिस भर्ती की है। सभी जिलों में पुलिस बैंड की व्यवस्था की जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में लगभग 80 हजार पदों पर भर्ती करा रही हैं, लगभग 10 हजार भर्तियां शिक्षकों की हो रही हैं। अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है। अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक शुक्रवार को दौरा कर जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जनता के बीच जाकर कार्य करें, शुक्रवार को कोई बैठक नहीं होगी। लापरवाही या काम नहीं करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और बेहतर कार्य करने वालों को सरकार प्रोत्साहित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गरीब और वंचित वर्ग के साथ त्यौहारों की खुशियां साझा करने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, हलधर जयंती आदि त्यौहारों की बधाई और मंगलकामनाएं दीं।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments