Saturday, August 8, 2026
Google search engine
Homeराज्यबिहार / झारखण्डरोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस होगी पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप...

रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस होगी पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप 2047

पटना
पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप की प्रारूप विकास योजना-2047 को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय परामर्श बैठक हुई।

नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से आयोजित बैठक में बिहार शहरी आयोजना एवं विकास बोर्ड के सदस्यों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक का उद्देश्य प्रस्तावित टाउनशिप के समग्र विकास के लिए सभी संबंधित विभागों से सुझाव प्राप्त करना था। अधिकारियों ने योजना को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया।

रोजगार से लेकर स्वास्थ्य तक, एक ही टाउनशिप में पूरी सुविधा
बैठक में विकास आयुक्त ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण कई ग्रामीण क्षेत्र शहरों का रूप ले रहे हैं, लेकिन वहां योजनाबद्ध आधारभूत सुविधाओं का विकास नहीं हो पा रहा है।

ऐसे में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप जैसी परियोजनाएं भविष्य के सुनियोजित और सुविधायुक्त शहरों का मॉडल बन सकती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित टाउनशिप को केवल आवासीय परियोजना नहीं माना जाना चाहिए। इसमें रोजगार, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाओं का बेहतर समन्वय होना जरूरी है, ताकि लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़े।

टीओडी और स्मार्ट शहरी व्यवस्था पर भी फोकस
बैठक के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रारूप विकास योजना-2047 की विस्तृत प्रस्तुति दी।

इसमें राष्ट्रीय और राज्य स्तर की विकास नीति, क्षेत्रीय योजना, भूमि उपयोग और सामाजिक आधारभूत संरचना से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी गई।

प्रस्तुति में यातायात व्यवस्था, ट्रांजिट आधारित विकास (टीओडी), आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु अनुकूल विकास को भी योजना का हिस्सा बताया गया। डिजिटल सुविधाओं और स्मार्ट शहरी व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया।

सभी विभागों के सुझाव से बनेगी अंतिम योजना
बैठक में निवेश रणनीति और टाउनशिप के चरणबद्ध कार्यान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि अलग-अलग विभागों की जरूरतों और सुझावों को समाहित कर विकास योजना को व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाया जाएगा।

विभागों ने दिए विकास को लेकर अहम सुझाव
बैठक में योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने सुझाव दिए।

इन सुझावों के आधार पर पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप की प्रारूप विकास योजना-2047 को और बेहतर बनाया जाएगा।
इसके बाद योजना को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments