Monday, August 3, 2026
Google search engine
Homeराज्यकांवड़ यात्रा पर पुलिस की नजर, हथियार-डीजे समेत कई चीजों पर प्रतिबंध

कांवड़ यात्रा पर पुलिस की नजर, हथियार-डीजे समेत कई चीजों पर प्रतिबंध

 रोहतक
 कांवड़ यात्रा और आगामी शिवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस ने जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 30 जुलाई से हरिद्वार में शुरू हुई कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में हरियाणा से श्रद्धालु जल लेने के लिए रवाना हो रहे हैं।

ऐसे में पुलिस ने कांवड़ियों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष सुरक्षा प्लान लागू किया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा से जुड़ी किसी भी सूचना पर पांच मिनट के भीतर पुलिस टीम मौके पर पहुंचे और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इन पर रहेगा पूरी तरह प्रतिबंध
यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिहाज से कई चीजों पर पाबंदी लगाई गई है। अब सड़क पर जुगाड़ वाहन, ट्रैक्टर-ट्राली और भारी वाहन नहीं चलेंगे। डीजे और हाई पावर साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। डाक कांवड़ झांकी की ऊंचाई अधिकतम 10 फीट और पैदल कांवड़ की ऊंचाई 7 फीट तय की गई है। इसके अलावा यात्रा के साथ शराब, मादक पदार्थ, एलपीजी सिलेंडर, हाकी स्टिक, बेसबाल बैट, डंडे, लाठी, त्रिशूल, भाला या अन्य कोई भी हथियार ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। बुलेट या अन्य बाइकों से साइलेंसर हटाकर पटाखे बजाने वालों पर भी पुलिस का डंडा चलेगा।

बिना अनुमति नहीं लगेंगे शिविर, सत्यापन जरूरी
कोई भी व्यक्ति या संस्था बिना प्रशासनिक अनुमति के कांवड़ शिविर नहीं लगा पाएगी। संचालकों को सदस्यों व वाहनों का पूरा ब्योरा देना होगा। शिविर में काम करने वाले हर शख्स का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही शिविरों में पर्याप्त रोशनी, पेयजल, सीसीटीवी कैमरे और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने होंगे।

यातायात डायवर्जन और सोशल मीडिया पर पैनी नजर
संवेदनशील रूटों पर अतिरिक्त पुलिस बल, होमगार्ड और स्पेशल पुलिस अधिकारी तैनात होंगे। चौराहों पर लगातार गश्त होगी और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। तेज रफ्तार और नियम तोड़ने वालों के चालान कटेंगे। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सफर के दौरान अपनी पहचान पत्र साथ रखें, नशे से दूर रहें, हमेशा सड़क की बाईं तरफ चलें और नियमों का पूरी तरह पालन करें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments