Tuesday, July 28, 2026
Google search engine
Homeराज्यपंजाबपंजाब में BJP कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला, ₹2200 के लेनदेन विवाद...

पंजाब में BJP कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला, ₹2200 के लेनदेन विवाद में संगरूर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

संगरूर.

भाजपा के जिला कार्यालय पर शनिवार रात्रि पेट्रोल बम फेंकने की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को संगरूर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर पहचान करके गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपित जिला संगरूर से ही संबंधित हैं। दोनों का सोशल मीडिया के जरिये विदेश में बैठे राणा भाई से संपर्क हुआ।

राणा भाई ने दोनों को बड़ी रकम देने का भरोसा दिलाकर इस वारदात को अंजाम दिलाया। आरोपितों ने वारदात को अंजाम देने का बाद वीडियो बनाकर राणा भाई को सोशल मीडिया के जरिये भेजी, जिसके बाद दोनों आरोपितों को यूपीआई की मदद से 1200-1000 रुपये का भुगतान किया गया।

इस कार्य के लिए बड़ी रकम देने का भरोसा दिलाया गया 
पूछताछ दौरान सामने आया कि उन्हें इस कार्य के लिए बड़ी रकम देने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन मात्र 2200 रुपये ही उन्हें मिले। पुलिस ने उनके पास से एक मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फोन बरामद किए। एसएसपी संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 2:35 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उपली गांव की तरफ से पैदल सड़क पर आए थे। आरोपियों ने बोतल पर लगी सुतली में आग लगाकर भाजपा कार्यालय की चारदीवारी के ऊपर से कार्यालय की इमारत की दीवार की तरफ पेट्रोल बम फेंका व वापस पैदल उपली रोड की ओर चले गए। आरोपियों ने इमारत को नुकसान पहुंचाने व माहौल खराब करने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने कहा कि इससे पहले चंडीगढ़ व अन्य जगहों पर इसी तरीके से पेट्रोल बम फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश की गई थी।

मामले को ट्रेस करने के लिए बनी टीम
मामले को ट्रेस करने के लिए एसपी इन्वेस्टिगेशन दविंदर अत्तरी की निगरानी में डीएसपी दलवीर सिंह सिद्धू, डीएसपी सतनाम सिंह, डीएसपी डिटेक्टिव सुखदेव सिंह, थाना सिटी-1 के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदीप सिंह और सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप सिंह की अलग-अलग टीमें गठित की गईं थी। काउंटर इंटेलिजेंस की एआईजी डॉ. सिमरत कौर की टीम ने भी जांच में अहम योगदान दिया। सतर्कता से की गई पड़ताल के आधार पर आरोपियों की पहचान हैपी सिंह उर्फ हैपी निवासी भम्माबंदी थाना लोंगोवाल (संगरूर) व जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी निवासी वार्ड नंबर 12 शहीद ऊधम सिंह बस्ती, लहरा के रूप में हुई है। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने थाना सिटी-1 संगरूर में दर्ज उक्त मामले में यूएपीए की धारा को शामिल किया गया है।

सोशल मीडिया के जरिए ‘राणा भाई’ के संपर्क में थे आरोपी
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से ‘राणा भाई’ नामक व्यक्ति के संपर्क में थे। आरोपियों के अनुसार उक्त व्यक्ति ने उन्हें भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने व मौके की वीडियो बनाकर भेजने के बदले भारी रकम देने का वादा किया था। पुलिस के मुताबिक राणा भाई द्वारा दोनों आरोपियों को दो ट्रांजेक्शन के जरिए 1200 व 1000 रुपये (कुल 2200 रुपये) भेजे। आरोपियों ने मौके की वीडियो भी बनाई, जिसे राणा भाई को भेजकर बाकी रकम हासिल करनी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

राणा भाई के सोशल मीडिया अकाउंट व आरोपियों को की गई ट्रांजेक्शन की यूपीआई आईडी के संबंधी जांच की जा रही है। 22 वर्षीय हैपी सिंह फ्लीपकार्ट में काम करता है, जबकि 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह जस्सी बढ़ई का काम करता है। दोनों का सोशल मीडिया के जरिये आपस में संपर्क हुआ, जिसके बाद दोनों ने मिलकर राणा भाई के कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments