Monday, July 27, 2026
Google search engine
Homeराज्यदिल्लीजंतर-मंतर प्रोटेस्ट में फूड सप्लाई का खुलासा, रैपर से रेस्टोरेंट तक पहुंची...

जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में फूड सप्लाई का खुलासा, रैपर से रेस्टोरेंट तक पहुंची पुलिस, कई लोग रडार पर

नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली पुलिस अब उन कैफे और रेस्टोरेंट की तलाश कर रही है, जो प्रदर्शन स्थल पर मुफ्त खाना या थोक में फूड डिलीवरी कर रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि पुलिस इन फूड आउटलेट्स तक पहुंचने के लिए जंतर-मंतर पर फेंके गए खाली रैपर और फूड पैकेजिंग का सहारा ले रही है।

रैपर से सुराग, पुलिस कर रही पूछताछ
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के अधिकारी कई रेस्टोरेंट और कैफे में जाकर पिछले कुछ दिनों के ऑर्डर और डिलीवरी का रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। कुछ ढाबों और रेस्टोरेंट मालिकों से पेड और फ्री, दोनों तरह के ऑर्डर्स के सबूत मांगे गए हैं। कई मालिकों का दावा है कि उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन भी बुलाया गया।

क्या है पूरा मामला?
दक्षिण दिल्ली के एक रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से औसतन 800 फूड पैकेट रोज जंतर-मंतर भेज रहे थे। गुरुवार को पुलिस उनके स्टोर पर पहुंची और पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि उन्हें इस स्टोर का पता जंतर-मंतर पर पड़े पैकेजिंग मटेरियल से चला।

रेस्टोरेंट मालिक के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें थाने बुलाकर कहा कि प्रदर्शन में मौजूद कई 'असामाजिक तत्व' उनके खाने का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए वे आगे से वहां खाना न भेजें।

कूड़े में मिले खाली रैपर से पुलिस आउटलेट्स को ट्रैक कर रही है

स्विगी-जोमैटो के बल्क ऑर्डर पर नजर

पुलिस ने जोमैटो और स्विगी जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से मिलने वाले बल्क ऑर्डर्स को लेकर भी हिदायत दी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के ऑर्डर्स को 'रेड फ्लैग' माना जाना चाहिए और इनकी डिलीवरी नहीं की जानी चाहिए।

जंतर-मंतर पर कई लोकल कैफे ने प्रदर्शनकारियों को मुफ्त रिफ्रेशमेंट और शरण देने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। एक कैफे कर्मचारी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ और दबाव के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दिए हैं।

स्विगी-जोमैटो के बल्क ऑर्डर पर दिल्ली पुलिस की नजर
आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश?

20 जून से शुरू हुए इस प्रदर्शन में देशभर के अलावा विदेशों से भी लोग डिलीवरी ऐप्स के जरिए खाना, स्नैक्स और पानी भेज रहे हैं। रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़े एक सीनियर एग्जीक्यूटिव का मानना है कि यह सब आंदोलन की रफ्तार को कम करने की एक कोशिश है। इंटरनेट शटडाउन और मेट्रो सेवाएं प्रभावित होने के बाद, अब पुलिस की तरफ से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रदर्शन स्थल पर खाने-पीने की सप्लाई आसानी से न पहुंच सके।

दिल्ली पुलिस ने अफवाहों को किया खारिज

इस बीच, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 'X' पर एक एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से बचने की अपील की है। साथ ही फूड डिलीवरी, कैब और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से भी प्रतिबंधित क्षेत्र में अपनी सेवाओं को रेगुलेट करने को कहा गया है। हालांकि, नई दिल्ली इलाके में फूड डिलीवरी ऐप सर्विस पर बैन लगाने की अफवाहों का दिल्ली पुलिस ने सख्ती से खंडन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फूड डिलीवरी पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है और इस तरह के दावे पूरी तरह से भ्रामक हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments