Tuesday, July 28, 2026
Google search engine
Homeराज्यबिहार / झारखण्डमिनी लंदन मैक्लुस्कीगंज को मिलेगी नई पहचान, पर्यटन विकास की बड़ी योजना...

मिनी लंदन मैक्लुस्कीगंज को मिलेगी नई पहचान, पर्यटन विकास की बड़ी योजना शुरू

रांची
 झारखंड सरकार ने विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोरों का गांव के नाम से विख्यात मैक्लुस्कीगंज को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

नगर विकास, आवास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू गुरुवार को मिनी लंदन पहुंचे और डाक बंगला में एंग्लो-इंडियन समुदाय तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ पर्यटन विकास को लेकर विस्तृत बैठक की।

मंत्री का स्वागत अंचलाधिकारी प्रणव अम्बष्ट, खलारी इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा, मैकलुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा, पुतुल देवी, पुष्पा खलखो, जितेंद्र नाथ पांडे सहित एंग्लो-इंडियन समुदाय के एशले गोम्स, डेनिश मेरेडिथ, किटी टेक्सरा, नेल्सन पॉल गॉर्डन, लेजली मेरेडिथ, एवं अनिल गंझू ने पुष्पगुच्छ देकर किया।

बैठक में मंत्री ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी होमस्टे योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पहले चरण में 50 होमस्टे विकसित किए जाएंगे। इच्छुक परिवार अपने घरों के खाली कमरों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त होमस्टे के रूप में विकसित कर सकेंगे।

प्रत्येक कमरे के लिए ₹4 लाख तक का ब्याजमुक्त बैंक ऋण मिलेगा। ऋण का पूरा ब्याज राज्य सरकार वहन करेगी, जबकि लाभुकों को केवल मूल राशि आसान किस्तों में चुकानी होगी। समय पर भुगतान करने पर सब्सिडी का भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत गोल्ड श्रेणी में चार तथा डायमंड श्रेणी में छह कमरों तक के होमस्टे बनाए जा सकेंगे। सभी चयनित होमस्टे को झारखंड पर्यटन की वेबसाइट पर सूचीबद्ध किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के पर्यटकों तक उनकी सीधी पहुंच बनेगी।

मंत्री ने कहा कि होमस्टे का निर्माण विक्टोरियन शैली और एंग्लो-इंडियन स्थापत्य की पहचान को ध्यान में रखकर किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को मैकलुस्कीगंज की ऐतिहासिक विरासत का वास्तविक अनुभव मिल सके। सरकार क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और मैक्लुस्कीगंज पाथवे के उन्नयन पर भी कार्य करेगी।

उन्होंने नकटा पहाड़ पर ग्लास (शीशा) ब्रिज बनाने के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की सहमति के बाद इस दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों का भी चरणबद्ध तरीके से विकास किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित लाभुकों को पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी प्रबंधन का दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा सफल होमस्टे संचालन का मॉडल समझने के लिए मेघालय का अध्ययन भ्रमण भी कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिछले वर्ष के दौरे के बाद सरकार ने मैक्लुस्कीगंज के समग्र पर्यटन विकास की कार्ययोजना तैयार की है। इस दूसरे दौरे में पहले चरण की योजनाओं का खाका स्थानीय लोगों के समक्ष रखा गया है।

सरकार का लक्ष्य मैक्लुस्कीगंज की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए इसे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक आकर्षक और रोजगार सृजन करने वाले पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments