Wednesday, July 15, 2026
Google search engine
Homeराज्यउत्तर प्रदेशलखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 15 जुलाई को होगा राज्य स्तरीय...

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 15 जुलाई को होगा राज्य स्तरीय आयोजन

लखनऊ

विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर 15 जुलाई को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में कौशल विकास, रोजगार, उद्यमशीलता और उद्योगों से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को आधुनिक कौशल, बेहतर रोजगार अवसर और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई ऊर्जा प्रदान करना है।

प्रदर्शनी से होगी शुरुआत, नवाचारों का करेंगे अवलोकन

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा कौशल विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन एवं अवलोकन से होगी। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों, आईटीआई और प्रशिक्षार्थियों द्वारा विकसित आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और कौशल आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रशिक्षार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव भी जानेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों के साथ कई महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) का आदान-प्रदान किया जाएगा। इन समझौतों का उद्देश्य प्रशिक्षण व्यवस्था को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और प्रशिक्षित युवाओं को बेहतर प्लेसमेंट उपलब्ध कराना है।

'कौशल सारथी' और 'कौशल सेतु' मॉड्यूल होंगे लॉन्च

डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री 'कौशल सारथी' और 'कौशल सेतु' मॉड्यूल का शुभारंभ करेंगे। 'कौशल सारथी' पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के सभी प्रशिक्षण केंद्रों का वर्षवार विवरण ऑनलाइन उपलब्ध होगा, जबकि 'कौशल सेतु' प्रशिक्षण प्रदाताओं के ऑनलाइन आबद्धीकरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाएगा।मुख्यमंत्री इस अवसर पर 'कौशलम' पुस्तिका का विमोचन करेंगे, जिसमें विभाग की उपलब्धियों, विशेष अभियानों और कौशल विकास से जुड़े प्रमुख कार्यों का संकलन होगा। साथ ही 'एम्प्लॉयबिलिटी व सॉफ्ट स्किल्स मैनुअल' भी जारी किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षार्थियों में व्यावहारिक दक्षता, व्यक्तित्व विकास और उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप कौशल विकसित किए जा सकेंगे।

'अर्न व्हाइल लर्न' योजना की दिखाई जाएगी प्रेरक फिल्म

कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित 'अर्न व्हाइल लर्न' योजना पर आधारित विशेष वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रशिक्षण के साथ आय अर्जित करने वाले युवाओं की सफलता की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी। विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित पांच सफल युवा अपने अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि कौशल प्रशिक्षण ने किस प्रकार उनके जीवन में बदलाव लाया तथा उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाया। 

21 युवा आइकॉन सहित उत्कृष्ट संस्थानों का होगा सम्मान

कार्यक्रम में उच्च वेतन पर नियुक्ति पाने वाले तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 युवा आइकॉन को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा श्रेष्ठ कार्य करने वाले राजकीय आईटीआई, प्रशिक्षण प्रदाताओं और प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन एजेंसियों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश एवं व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी संबोधित करेंगे। समापन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, नवाचार, स्टार्टअप और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर मार्गदर्शन देंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments